Thursday, August 7, 2025
Homeदेशखुशखबरी : अब दवा निर्माता कंपनी बिबकोल बनाएगी कोवैक्सीन, हर माह तैयार...

खुशखबरी : अब दवा निर्माता कंपनी बिबकोल बनाएगी कोवैक्सीन, हर माह तैयार होंगे 10 लाख डोज


न्यूज़ एजेंसी – नई दिल्ली 
देश में इस वक्त कोरोना का कहर चरम पर है, ऐसे में इस महामारी के प्रकोप से बचने के लिए और अगली लहर का डट कर मुकाबला करने के लिए टीकाकरण में तेजी लाना जरूरी है। लेकिन यह संभव नहीं है कि कोई एक कंपनी ही भारत जैसे बड़े देश की वैक्सीन जरूरतों को पूरा कर सके। ऐसे में अलग-अलग कंपनियां जब तक वैक्सीन उत्पादन के क्षेत्र में नहीं उतरेंगी देश की मांग पूरी कर पाना आसान नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब भारत बायोटेक द्वारा निर्मित कोवैक्सीन को बुलंदशहर स्थित कंपनी बिबकोल भी बनाएगी। यहां हर माह कोवैक्सीन की 10 लाख डोज का निर्माण किया जाएगा। इस बात की पुष्टि बिबकोल के जनरल मैनेजर/कंपनी सेक्रेटरी संदीप कुमार लाल ने की। उन्होंने बताया कि यहां हर माह एक मिलियन डोज का उत्पादन होगा। ऑर्डर मिलते ही उत्पादन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसके लिए 30 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। कोवैक्सीन बनाने वाली कंपनी भारत बायोटेक और बिबकोल के बीच एमओयू साइन हुआ है। अभी तक जैव प्रौद्योगिकी विभाग भारत की कंपनी बिबकोल ( भारत इम्यूनोलॉजिकल्स एंड बायोलॉजिकल्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड) पोलियो वैक्सीन बनाती है। बुलंदशहर के डीएम रविंद्र कुमार ने कोवैक्सीन बनाने के लिए अधिकृत हुई बिबकोल का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीन निर्माण की तैयारियों का भी जायजा लिया। बता दें कि बिबकोल बुलंदशहर के चोला में स्थित है। बिबकोल एक पब्लिक सेक्टर यूनिट है जिसकी स्थापना 1989 में की गई थी। यह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का ड्रीम प्रोजेक्ट था जिसके माध्यम से वह देश को पोलियो वैक्सीन बनाने और आपूर्ति में आत्मनिर्भर करना चाहते थे।

Most Popular