मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने क्षेत्र की जनता से की अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील
रेणुका गौतम, कुल्लू : “आने वाले 26 और 27 सितंबर को आउटर सराज के निरमंड और आनी क्षेत्र में स्वास्थ विभाग द्वारा विकलांगता पहचान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे,” यह जानकारी ज़िला मुख्यालय कुल्लू में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रंजीत ठाकुर ने दी।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिव्यांगता पहचान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आउटर सराज के निरमंड और आनी में आयोजित किए जा रहे हैं। योजना के तहत 26 तारीख को निरमंड के सरकारी अस्पताल में और 27 को आनी के रघुबीर सिंह स्टेडियम में यह शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान दिव्यांगजनो की पहचान कर उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मीडिया के माध्यम से आनी और निरमंड क्षेत्रों के लोगों से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। साथ ही इस जानकारी को अन्य जरूरतमंद लोगों के साथ सांझा करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध होगी जिसमें हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन, नाक कान गला विशेषज्ञ, आंख विशेषज्ञ और एमडी मेडिसिन शामिल रहेंगे।

