पुरानी मशीन ठीक होगी 3 हफ्तों में
रेणुका गौतम, कुल्लू : ज़िला मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में आजकल खराब पड़ी एक्स-रे मशीन के चलते आम जनमानस को काफी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है। जिसे लेकर अब जनता में नाराज़गी भी दिखनी शुरू हो गई है लेकिन चिकित्सा अधीक्षक कुल्लू न शीघ्र ही अस्पताल में एक्स-रे सुविधा बहाल किए जाने की बात कही।

क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पिछले तकरीबन 3 हफ़्तों से एक्स-रे मशीन के खराब होने से रोगियों में परेशानी देखी जा रही है। इसी बात को लेकर आज अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति कुल्लू की अध्यक्ष ममता नेगी के नेतृत्व में समिति ने चिकित्सा अधीक्षक कुल्लू डॉ. राधा शर्मा से मुलाकात की। और समस्या के शीघ्र समाधान हेतु ज्ञापन भी सौंपा।

ममता नेगी का कहना है कि मशीन की खराबी के चलते रोगियों को न चाहते हुए भी अस्पताल से बाहर या अस्पताल के अंदर ही रेड क्रॉस की लैब में जाकर पेस खर्च करने पड़ रहें हैं। अतः यदि यह सुविधा शीघ्र बहाल नहीं की गई तो मजबूरन समिति को आंदोलन करना पड़ेगा।

तो वहीं चिकित्सा अधीक्षक द्वारा कुल्लू अस्पताल में चल रही इस कमी को शीघ्र दूर करना की बात कही गई। मामले को लेकर मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने बताया कि मशीन में आईं खराबी का स्थानीय स्तर पर ठीक किया जाना संभव नहीं है अतः इस मशीन को वापिस कम्पनी के पास मरम्मत के लिए भेजा गया है और अगले तकरीबन 3 हफ़्तों में मशीन ठीक होकर अस्पताल में आने से यह समस्या हल हो जाएगी।

साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अस्पताल हेतु अब तक शीघ्र ही नई एक्स-रे मशीन मिलने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जिसके चलते अब निकट भविष्य में अस्पताल को नई एक्स-रे मशीन मिल जाएगी। रोगियों को हो रही दिक्कत के लिए चिकित्सा अधीक्षक कुल्लू डॉ. राधा शर्मा ने खेद जताया साथ ही कुछ समय के लिए जनता से सहयोग बनाए रखने की अपील भी की है।

