शिमला। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भाजपा विधायक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र के प्रति समर्पण करोड़ों देशवासियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि अटल जी पत्रकार, लेखक, कवि, प्रखर वक्ता और जननायक के रूप में देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखते थे।
उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना और देश के प्रधानमंत्री के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पोखरण परमाणु परीक्षण के समय अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद साहसिक निर्णय लेना उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को अटल जी की महत्वपूर्ण देन बताते हुए कहा कि इस योजना ने देश के गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बनी करीब 42 हजार किलोमीटर सड़कों में लगभग 23,500 किलोमीटर सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी हैं।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी हिमाचल प्रदेश को अपना घर मानते थे और मनाली से उनका विशेष लगाव था। रोहतांग सुरंग का नाम ‘अटल टनल’ रखा जाना हिमाचल के प्रति उनके विशेष स्नेह और योगदान की स्मृति को सदैव जीवित रखेगा।
बाबा रामदेव के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
बाबा रामदेव के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि जिस तरह का आंकड़ा बताया गया है, वैसी स्थिति होगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में ऐसी परिस्थितियां हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार समाप्त होना चाहिए और बाबा रामदेव की भावना भी इसी दिशा में है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन और उनका राष्ट्र निर्माण में योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनके विचार और आदर्श देशवासियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे।


