Homeमंडीमजबूत बूथ ही भाजपा की जीत की गारंटी, आगामी विधानसभा चुनाव में...

मजबूत बूथ ही भाजपा की जीत की गारंटी, आगामी विधानसभा चुनाव में बूथ प्रबंधन निभाएगा निर्णायक भूमिका : राकेश जमवाल

मंडी , 4 जुलाई : भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने जिला मंडी के प्रशिक्षण वर्ग में “बूथ प्रबंधन” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित संगठन और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का मार्ग बूथ से होकर ही निकलेगा, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को सबसे मजबूत बनाने का संकल्प लेना होगा।

राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा चुनाव केवल नारों या सभाओं के दम पर नहीं, बल्कि मजबूत संगठन, सूक्ष्म योजना और बूथ स्तर पर निरंतर किए गए कार्य के बल पर जीतती है। बूथ जितना मजबूत होगा, भाजपा की विजय उतनी ही सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ के हर परिवार और हर मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क बनाए तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाए।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल इसलिए बनी है क्योंकि उसने बूथ को अपनी संगठनात्मक शक्ति का केंद्र बनाया। प्रत्येक बूथ समिति, पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर की टीम यदि पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ कार्य करे तो कोई भी राजनीतिक शक्ति भाजपा को रोक नहीं सकती।

राकेश जमवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि हिमाचल के भविष्य का चुनाव होगा। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की राजनीति है, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस का झूठ, वादाखिलाफी और कुशासन है। जनता अब दोनों के बीच का अंतर भली-भांति समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि बूथ प्रबंधन का अर्थ केवल मतदान वाले दिन की तैयारी नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना, लाभार्थियों से संवाद बनाए रखना, नए मतदाताओं को जोड़ना, संगठन के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाना तथा प्रत्येक मतदाता का विश्वास जीतना है। यही भाजपा की कार्यशैली है और यही हमारी चुनावी सफलता का मूल मंत्र भी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ को “विजय बूथ” बनाने का लक्ष्य निर्धारित करें। बूथ पर नियमित बैठकें, मतदाता सूची का गहन अध्ययन, युवाओं, महिलाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करें। जब बूथ मजबूत होगा तो मंडल मजबूत होगा, मंडल मजबूत होगा तो विधानसभा मजबूत होगी और अंततः प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के समय जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता पूरे पांच वर्ष जनता के बीच रहकर सेवा करता है। यही भाजपा और कांग्रेस के कार्य करने के तरीके का सबसे बड़ा अंतर है। भाजपा का कार्यकर्ता सत्ता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करता है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला मंडी सहित पूरे प्रदेश का भाजपा संगठन आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों के बल पर भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे आज से ही चुनावी तैयारी को बूथ स्तर पर गति दें और प्रत्येक बूथ को भाजपा की विजय का सबसे मजबूत आधार बनाएं।

Most Popular