Homeमंडीरोशन लाल चेयरमैन एवं जीत राम वाइस चेयरमैन निर्वाचित, जनता ने लोकतंत्र...

रोशन लाल चेयरमैन एवं जीत राम वाइस चेयरमैन निर्वाचित, जनता ने लोकतंत्र पर लगाई मुहर : राकेश जम्वाल

दोनों जनप्रतिनिधियों को दी हार्दिक बधाई, कहा— कानूनी दबाव में हुए पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनाव लोकतंत्र की जीत और सुक्खू सरकार की तानाशाही की हार का सबसे बड़ा प्रमाण

सुंदरनगर, 30 जून।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने बीडीसी सुन्दरनगर रोशन लाल के चेयरमैन तथा जीत राम के वाइस चेयरमैन निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों का निर्वाचित होना जनता के विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा भारतीय जनता पार्टी की जनसेवा की नीति की विजय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जनहित की भावना से करेंगे और सुन्दरनगर के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।
राकेश जम्वाल ने कहा कि यह जीत केवल दो व्यक्तियों की नहीं, बल्कि लोकतंत्र, जनादेश और जनता की अटूट आस्था की जीत है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनावों को लगातार टालने का प्रयास किया। सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित कर अपने राजनीतिक हित साधना चाहती थी, लेकिन न्यायपालिका के हस्तक्षेप और कानूनी दबाव के कारण उसे चुनाव करवाने पड़े। यह अपने आप में साबित करता है कि कांग्रेस सरकार लोकतंत्र में नहीं, बल्कि सत्ता के अहंकार में विश्वास रखती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव संपन्न होने के बाद भी सरकार अपनी मानसिकता नहीं बदल पाई है। लोकतंत्र के फैसले को स्वीकार करने के बजाय सत्ता का दुरुपयोग कर चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर विभिन्न प्रकार के दबाव बनाए जा रहे हैं। प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल कर निर्वाचित सदस्यों को डराने, प्रभावित करने और कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन सरकार यह भूल रही है कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह हैं, किसी सत्ता के दबाव के प्रति नहीं।
जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनादेश का सम्मान करने के बजाय उसे हाईजैक करने की राजनीति कर रही है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है, लेकिन वर्तमान सरकार जनता के फैसले को भी अपने राजनीतिक चश्मे से देख रही है। सत्ता के बल पर जनादेश को बदलने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है, जिसे भारतीय जनता पार्टी किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सुक्खू सरकार की वास्तविकता को पूरी तरह समझ चुकी है। चुनावों से पहले किए गए बड़े-बड़े वादे आज पूरी तरह खोखले साबित हो चुके हैं। किसान, बागवान, युवा, कर्मचारी, महिलाएं, व्यापारी और आम नागरिक स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। विकास कार्य ठप पड़े हैं, आर्थिक स्थिति बदहाल है, प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है और सरकार केवल राजनीतिक जोड़-तोड़ तथा सत्ता बचाने में लगी हुई है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि स्थानीय निकायों एवं पंचायत चुनावों के परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता अब कांग्रेस सरकार से पूरी तरह मोहभंग कर चुकी है। जनता ने इन चुनावों के माध्यम से सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि अब तानाशाही, सत्ता के दुरुपयोग और जनादेश का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों को जनता समय आने पर करारा जवाब देना जानती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार यह भूल चुकी है कि लोकतंत्र में सत्ता स्थायी नहीं होती, जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत होता है। आज प्रदेश में जिस प्रकार सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है, उससे स्पष्ट है कि उसकी विदाई की शहनाई बज चुकी है। लाख कोशिशों के बावजूद अब जनता को गुमराह करना संभव नहीं है। जनता विकास चाहती है, पारदर्शिता चाहती है और जवाबदेह शासन चाहती है, जो वर्तमान सरकार देने में पूरी तरह विफल रही है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि अभी तो सुक्खू सरकार ने केवल ट्रेलर देखा है, पूरी फिल्म वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में दिखाई जाएगी। पंचायतों और स्थानीय निकायों के चुनावों में जनता ने जो संदेश दिया है, वही संदेश 2027 में और अधिक स्पष्ट रूप से सामने आएगा। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी, विकास विरोधी और तानाशाहीपूर्ण नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा, जनादेश के सम्मान और प्रदेश के हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। यदि सरकार चुने हुए प्रतिनिधियों पर दबाव बनाने अथवा जनादेश को प्रभावित करने का कोई भी प्रयास करती है तो भाजपा लोकतांत्रिक, राजनीतिक और कानूनी स्तर पर उसका डटकर मुकाबला करेगी।
राकेश जम्वाल ने एक बार पुनः रोशन लाल एवं जीत राम को उनके निर्वाचन पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह जीत लोकतंत्र की मजबूती, जनता के विश्वास और भाजपा के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का स्पष्ट प्रमाण है। आने वाला समय प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन का होगा और 2027 में जनता कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर कर विकास, सुशासन और जनविश्वास की नई इबारत लिखेगी।

Most Popular