Saturday, July 27, 2024
Homeहिमाचलमौसम विभाग द्वारा मंगलवार के बाद बुधवार को भी भारी बारिश की...

मौसम विभाग द्वारा मंगलवार के बाद बुधवार को भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर इलाकों में रात से बारिश का दौर जारी है। कई जगह जलभराव की खबरें हैं व कई सड़कें बंद हो गई हैं। जिला मंडी के पधर में कोटरोपी खजरी सड़क पर भूस्‍खलन हुआ है, इससे वाहनों की आवाजाही ठप है। वहीं, जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर में लंबागांव स्थित आइटीआइ भवन व परिसर में पानी भर गया है। जिला कांगड़ा में थुरल के पास चूला नामक स्थान पर खड्ड में वैकल्पिक सड़क पर बनाया गया पुल जलस्तर बढ़ने से डूब गया। इस कारण पालमपुर-सुजानपुर मार्ग बंद हो गया है। मौसम विशेषज्ञों ने 30 जुलाई को प्रदेश के आठ जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, शिमला, सोलन व सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 31 जुलाई को छह जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इस संबंध में यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने के लिए कहा गया है। चंबा जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को इन दो दिनों में एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश हुई। ऊना जिला में तीन घंटे में 38 मिलीमीटर बारिश हुई जो प्रदेश में सबसे अधिक है। ऊना जिला में सबसे अधिक बारिश होने के बावजूद वहां प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के कारण प्रदेश के कई स्थानों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। भुंतर में एक दिन में अधिकतम तापमान में दस डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। बंद रहीं 74 सड़कें प्रदेश में सोमवार को हुई बारिश के कारण पांच मकानों व तीन पशुशालाओं को नुकसान पहुंचा। कुल्लू जिले की उझी घाटी के बनौन नाले में बाढ़ आ गई। इस कारण चार गांवों को पतलीकूहल से जोड़ने वाली सड़क बह गई। इन गांवों का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट गया है। बारिश के कारण हुए भूस्खलन से प्रदेश में 74 सड़कें बंद रहीं। मंडी जोन में 40, कांगड़ा 21, शिमला आठ व हमीरपुर जोन में पांच सड़कें बंद हैं।

कहां कितना रहा तापमान

स्थान,न्यूनतम,अधिकतम

  • केलंग,13.2,23.2
  • कल्पा,14.0,24.4
  • नाहन,17.5,29.7
  • शिमला,17.5,22.0
  • धर्मशाला,17.8,27.2
  • मंडी,19.4,29.7
  • सोलन,20.5,28.0
  • बिलासपुर,21.0,32.0
  • भुंतर,21.4,32.0
  • सुंदरनगर,22.3,32.0
  • कांगड़ा,23.8,31.4
  • ऊना,26.4,35.2 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)

Most Popular