Saturday, July 27, 2024
Homeसोलन''एक बार फिर मोदी सरकार’’ और "मोदी मोदी" से गूंजा दून विधानसभा...

”एक बार फिर मोदी सरकार’’ और “मोदी मोदी” से गूंजा दून विधानसभा क्षेत्र

लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिल रहे प्रचंड बहुमत के बाद हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर चारों सीटों पर कमल खिलने से बीजेपी के नेता फूले नहीं समा रहे हैं। मोदी लहर में जहां कांग्रेस पूरी तरह पस्त हुई है वहीं दून कांग्रेस उतने वोट भी नहीं जुटा पाई जितने की उसको गत विस चुनाव में मिले थे।

लोकसभा चुनाव में इस बार दून विस हल्के से भाजपा को 20745 वोटों की लीड मिली है जबकि पिछले 2014 के चुनावों में यह लीड 12 हजार वोटों की थी। इस बार मोदी लहर व राष्ट्रवाद की किश्ती में सवार होकर भगवा दल के कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहतन की और अपनी लीड को 8 हजार बढाकर 20 हजार से ज्यादा पहुंचा दिया। दून विधानसभा में इस बार कुल पोलिंग 51854 मतों की हुई थी। इसमें भाजपा लोस प्रत्याशी सुरेश कश्यप 35568, कांग्रेस के धनीराम शांडिल को 14823, बीएसपी के विक्रम सिंह को 502, फारवर्ड ब्लाक के मनोज कुमार को 278, राष्ट्रीय आजाद मंच के शमशेर सिंह को 148 व आजाद प्रत्याशी रवि कुमार दलित को 150 मत पडे वहीं 385 लोगों ने नोट का प्रयोग किया। इस प्रकार यहां पर भाजपा को कांग्रेस के मुकाबले 20745 मतों की बढत मिली है।

भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप की जीत के बाद दून भाजपा के नेताओं ने विधायक परमजीत सिंह पम्मी के नेतृत्व में ढोल नगाडों के साथ बददी बस स्टैंड से लेकर साई रोड तक विशल विजयी जूूलूस निकाला। दून क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता दून पार्टी मुख्यालय के बाहर और अन्य जगहों पर जश्न मना रहे हैं। हिमाचल के विभिन्न हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ता मिठाई बांट रहे हैं, गाड़ियां रुकवा कर लड्डू बांटे जा रहे है। ढोल नगाड़ों पर थिरक रहे हैं और ‘‘एक बार फिर मोदी सरकार’’ और ” मोदी मोदी” के नारे को बार-बार गुंजायमान कर रहे हैं।

Most Popular