Saturday, July 27, 2024
Homeशिमलाविधायक अनिल शर्मा को पार्टी से निष्कासित करने की तैयारी में भाजपा!

विधायक अनिल शर्मा को पार्टी से निष्कासित करने की तैयारी में भाजपा!

पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मंडी सदर के भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर पार्टी विरोधी कार्य करने के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा उनको पार्टी से निष्कासित करने की तैयारी में है।

आरोप है कि अनिल शर्मा ने लोकसभा चुनाव के दौरान अपने बेटे एवं मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा के लिए चोरी-छिपे प्रचार किया था। इतना ही नहीं अनिल शर्मा पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, आइपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती व मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा के खिलाफ बयानबाजी करने का भी आरोप है।

लोकसभा चुनाव के दौरान अनिल शर्मा ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उसके बाद पार्टी कार्यकर्ता व समर्थकों ने अनिल शर्मा से विधायक पद से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने के लिए भी आवाज उठाई थी। हालांकि आश्रय शर्मा को मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद अनिल शर्मा ने किसी भी प्रत्याशी का प्रचार न करने की बात कही थी, लेकिन सूत्र कहते हैं कि अपने बेटे आश्रय के लिए अनिल शर्मा ने मंडी सदर में चोरी-छिपे जमकर प्रचार किया। बताते हैं कि इससे संबंधित ऑडियो व वीडियो भाजपा कार्यकर्ताओं के पास उपलब्ध है।

चुनाव के दौरान मंडी में भाजपा द्वारा आयोजित चुनावी रैलियों में अनिल शर्मा मौजूद नहीं रहे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में भी अनिल शर्मा ने शिरकत करना मुनासिब नहीं समझा। जानकारी के अनुसार पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनिल शर्मा द्वारा की गई बयानबाजी एवं प्रचार की ऑडियो-वीडियो एकत्र कर ली है और उन्हें शीघ्र ही भाजपा हाईकमान को सौंपा जाएगा। हाईकमान के आदेशानुसार ही अनिल शर्मा पर कार्रवाई होगी। सूत्र यह भी बताते हैं कि प्रदेश भाजपा अनिल शर्मा के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल को पत्र सौंपेगी।

Most Popular