Wednesday, May 13, 2026
Homeकुल्लूसूत्रधार कला संगम की बैठक संपन्न 

सूत्रधार कला संगम की बैठक संपन्न 

संस्था के 49वें वर्षगांठ कार्यक्रम पर चर्चा

रेणुका गौतम, कुल्लू : बुधवार को सूत्रधार कला संगम कुल्लू की एक विशेष एवं महत्वपूर्ण बैठक सूत्रधार भवन के कार्यालय में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी जून माह में आयोजित होने वाले 49वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव की तैयारियों, रूपरेखा एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक दौरान दिनेश सेन ने कहा कि अपने गौरवशाली 49 वर्षों के इतिहास में सूत्रधार कला संगम कुल्लू ने कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों तक अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक अलग पहचान स्थापित की है। संस्था निरंतर लोक संस्कृति के संरक्षण, युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा समाज सेवा के कार्यों के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रही है ।

उन्होंने कहा कि संस्था विगत पाँच दशकों से युवा शक्ति को कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं से जोड़कर उन्हें सृजनात्मक और सकारात्मक दिशा प्रदान करने का सतत कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान कर उन्हें कला के क्षेत्र में निपुण बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें समाज में तेजी से फैल रहे नशे एवं अन्य दुर्व्यसनों से दूर रखकर एक जागरूक, संस्कारित और सशक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना भी है। संस्था द्वारा वर्षभर गीत-संगीत, लोककला, नाटक, नृत्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहे तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का उचित अवसर प्राप्त हो सके। 

इसी कड़ी में सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 49वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव का आयोजन 21 जून से 23 जून 2026 तक कुल्लू के ऐतिहासिक लाल चन्द प्रार्थी कला केन्द्र तथा अटल सदन कुल्लू में किया जाना निश्चित हुआ है। इस सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव में स्थानीय निजी एवं सरकारी पाठशालाओं की भव्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोकनृत्य, समूह नृत्य, लघुनाटक, प्रिंसेस सूत्रधार, फैशन शो, समूहगान, वाद्यवृन्द, लोकगीत, फिल्म गीत, शास्त्रीय गायन एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संस्था के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। संस्था के लिए यह गौरव की बात है कि संस्था 21 जून को ही अपने 49 वर्ष पूर्ण कर 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष में भी प्रवेश करने जा रही है ।

     बैठक दौरान प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम व सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा ने जानकारी साँझा करते हुए बताया कि इस 49वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन हेतु शीघ्र ही विभिन्न विद्यालयों से संपर्क स्थापित कर प्रतियोगिताओं के लिए आमंत्रण भेजे जाएंगे। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों एवं युवा कलाकारों से इस सांस्कृतिक महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान भी किया।

बैठक में अध्यक्ष दिनेश सेन सहित उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोंगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा तथा प्राचार्य संगीत अकादमी पं० विद्या सागर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Most Popular