सभी अभिभावकों से की अपनी बेटियों को टीका लगवाने की अपील
रेणुका गौतम, कुल्लू : महिलाओं के सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी यानि ह्यूमन पैपिलोमावायरस टीकाकरण को लेकर भ्रामक जानकारियों से दूर रहने के मकसद से सीएमओ यानी मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉक्टर रंजीत ठाकुर ने एक पत्रकार वार्ता आयोजित की। उन्होंने साफ तौर पर इस टीकाकरण के विषय पर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही गलत एवं भ्रमित करने वाली जानकारी के विषय पर विचार रखें और सभी से ऐसी आधारहीन बातों पर गौर न करने की अपील की।
सीएमओ कुल्लू रंजीत ठाकुर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि एच पी वी टीकाकरण के बारे में सोशल मीडिया के कुछ साइट पर भ्रमित करने वाले गलत संदेश फैलाया जा रहा है जो बिलकुल एक अफ़वाह मात्र है, यह टीकाकरण बिलकुल सुरक्षित है। यह टीका विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रमाणित है तथा दुनिया के तकरीबन 150 देशों में एचपीवी टीकाकरण अपनाया जा रहा है। तो ऐसे में उन्होंने ज़िला भर के अभिभावकों से निडर होकर अपनी बेटियों को यह टीका लगवाने का आह्वान भी किया। उन्होंने यह भी कहा कि 14 साल से उपर के बालिकाओं का स्वास्थ्य विभाग द्वारा सफल टीकाकरण किया जा रहा है। हालांकि पहले अलग-अलग चरणों में इसको लगाया जा रहा था, लेकिन अब इस टीके की सुविधा सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से उपलब्ध रहेगी।
साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए यह भी बताया कि ज़िला भर में इस टीके के लाभार्थी 3979 है, और अब तक तकरीबन 1630 को यह टीका स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगे दिया गया है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान 28 फरवरी से 24 मई तक निर्धारित किया गया है, जिसका लाभ ज़िला भर के लाभार्थी ले रहे हैं।

