Tuesday, March 19, 2024
Homeचंबापवित्र मणिमहेश यात्रा भारी बारिश के चलते रद्द

पवित्र मणिमहेश यात्रा भारी बारिश के चलते रद्द

चंबा : जिला चंबा की पवित्र मणिमहेश यात्रा रद कर दी गई है। भरमौर को हड़सर से जोड़ने वाला पुल भारी बारिश के कारण बह गया है। इस कारण सैकड़ों श्रद्वालु फंस गए हैं। भारी बारिश के कारण हालात खराब हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि आज शाम तक मार्ग को बहाल कर लिया जाएगा। मणिमहेश यात्रा के लिए रोजाना हजारों श्रद्धालु भरमौर पहुंचते हैं। भरमौर से करीब 12 किलाेमीटर दूर हड़सर तक के गाड़ी में सफर के बाद 13 किलोमीटर पैदल चढ़ाई शुरू होती है। जिला चंबा प्रशासन ने पड़ोसी जिलों के अधिकारियों काे संदेश जारी कर एडवायजरी जारी की है कि वे कुछ दिन लोगों को मणिमहेश यात्रा का रुख करने से रोक दें।

मार्ग बहाली में लग सकते हैं दो से तीन दिन

लोक निर्माण विभाग भरमौर मंडल की मशीनरी व कर्मचारी सड़क को बहाल करने में जुटे हुए हैं। विभागीय अधिशाषी अभियंता इंद्र सिंह उत्तम ने कहा सबसे पहले पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए मार्ग बहाल किया जा रहा है। वाहन योग्य पुलिया तैयार करने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। उधर भरमौर प्रशासन का कहना है कि बाधित स्थल के दोनों ओर वाहन मौजूद हैं, यात्री अपनी सुविधा अनुसार यात्रा कर सकते हैं।

साढ़े 13 हजार फीट की ऊंचाई पर है मणिमहेश

मणिमहेश नाम का पवित्र सरोवर है जो समुद्र तल से लगभग 13,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इसी सरोवर की पूर्व की दिशा में है वह पर्वत जिसे कैलाश कहा जाता है। इस हिमाच्छादित शिखर की ऊंचाई समुद्र तल से करीब 18,564 फीट है। स्थानीय लोग मानते हैं कि देवी पार्वती से विवाह करने के बाद भगवान शिव ने मणिमहेश नाम के इस पर्वत की रचना की थी।

Most Popular