Thursday, April 25, 2024
Homeस्वास्थ्यफिट इण्डिया अभियान के तहत नेचर पार्क में योगाभ्यास

फिट इण्डिया अभियान के तहत नेचर पार्क में योगाभ्यास

रेणुका गौतम
फिट इण्डिया अभियान को आंदोलन का रूप देने में कुल्लू के युवाओं का उत्साह देखते ही बनता है। ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में सुबह शाम प्रत्येक आयु वर्ग के सैंकड़ों लोगों को योगाभ्यास करते देखा जा सकता है। युवाओं का रूझान योगाभ्यास, दौड़ के अलावा वाॅलीबाॅल, फुटबाॅल, कबड्डी, खो-खो जैसी अनेक प्रकार की खेलों में देखने को मिलता है। नौजवानों को देखकर प्रौढ़ व वरिष्ठ नागरिक भी प्रोत्साहित होते नजर आते हैं।
अभियान की कड़ी में आज मोहल में एलायन्स योग अकादमी ने योग का आयोजन किया। इस योगाभ्यास में हर आयुवर्ग के लोगों ने भाग लिया। लगभग दो घण्टे तक चले योगाभ्यास के दौरान योगाचार्य दिनेश ने 40 से अधिक आसन लोगों को करवाए। प्रत्येक आसन की उपयुक्त विधि और उससे शरीर को होने वाले लाभ के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
योगाचार्य दिनेश ने कहा कि स्वस्थ और लम्बे जीवन के लिए प्राणवायु का बड़ा महत्व है। प्रत्येक योगासन के दौरान श्वास क्रिया पर ध्यान दिया जाना चाहिए। गलत श्वास के कारण योगासनों के दौरान शरीर में खिंचाव आ सकता है। इसलिये आवश्यक है कि योगाभ्यास जानकार की देखे-रेख में किया जाना चाहिए। सरिता ने लोगों को सूक्ष्य योग व कपाल भाति क्रियाओं का अभ्यास करवाया और इनके बारे में जानकारी भी दी।
योगाभ्यास के उपरांत निश्चिंत नेगी ने बताया कि पिछले कुछ अर्से से उनकी कमर में दर्द रहती थी, लेकिन नियमित योग करने के बाद अब बिल्कुल ठीक हो चुके हैं और वह हर रोज डेढ़ घण्टे तक योग करते हैं। उन्होंने लोगों से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। हरिपुर काॅलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर देचेन ने बताया कि योग करने से उन्हें नई ऊर्जा व स्फूर्ति मिलती है।

Most Popular