Himachal Pradesh Board of School Education ने सीबीएसई सब-कैडर में प्रतिनियुक्ति के लिए पात्रता शर्तों में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्क्रीनिंग टेस्ट से संबंधित प्रोस्पेक्टस के नियम 10.3 में आंशिक बदलाव किया गया है। यह संशोधन विद्यालय शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के अनुरूप किया गया है, ताकि अधिक संख्या में योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों को अवसर मिल सके।
सबसे बड़ा बदलाव प्रधानाचार्य पद के लिए न्यूनतम अवशिष्ट सेवा अवधि को लेकर किया गया है। पहले जहां इस पद के लिए कम से कम 3 वर्ष की शेष सेवा अनिवार्य थी, अब इसे घटाकर 2 वर्ष कर दिया गया है। हालांकि यह छूट केवल प्रधानाचार्य पद के लिए ही लागू होगी। अन्य सभी पात्रता शर्तें, चयन प्रक्रिया और स्क्रीनिंग प्रणाली पूर्ववत ही रहेंगी।
बोर्ड ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च तक बढ़ा दी है। साथ ही, पहले से जमा किए गए आवेदनों में संशोधन के लिए 6 और 7 मार्च को करेक्शन विंडो भी उपलब्ध रहेगी। अभ्यर्थियों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध इन-सर्विस प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।


