कहा इस दिशा में राष्ट्रीय स्तर पर कोशिशें जारी
रेणुका गौतम, कुल्लू : कुल्लू की मणिकर्ण घाटी से संबंध रखने वाले समाजसेवी शेरा नेगी ने कहा है कि मात्र गाय की सेवा या रक्षा करना ही उनके मकसद नहीं है। बल्कि गौमाता को राष्ट्रीय माता का दर्ज़ा दिलवाना उनका मुख्य मकसद है।
ज़िला मुख्यालय कुल्लू में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में समाजसेवी शेरा नेगी मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने गत शनिवार अपनी संस्था गौसेवा रक्षा दल द्वारा रात के अंधेरे में जबरन गाड़ी में ले जाई जा रही है गाय को मुक्त करवाया और साथ ही मामले में लिप्त दो व्यक्तियों को पुलिस द्वारा गिरफ़्तार भी कराया। इस दौरान बचाई गई गाय को देखभाल हेतु महादेव गौसदन में रखा है। शेरा नेगी की कहना है कि यदि किसी को कोई शंका है तो वह स्वयं जाकर देख सकता है कि उस महादेव गौसदन में शनिवार रात्री को बचाई गई गाय ही नहीं बल्कि अन्य गायों की भी वहां देखभाल की जा रही है।
अपनी बात रखते हुए शेरा नेगी ने यह भी कहा कि उनका मकसद सिर्फ़ गाय की रक्षा करना नहीं है, बल्कि गौमाता को राष्ट्रीय माता घोषित करना है। इस बात का समर्थन देने के लिए देश भर से विभिन्न समाजसेवी संस्थाएं उनके साथ खड़ी है। और गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने हेतु उनकी संस्था द्वारा देश भर में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है, साथ ही विभिन्न संत समाज भी इस मुहिम में उनके साथ खड़े हैं।
शेर नेगी का कहना है कि समय बिताने के साथ धीरे-धीरे समाज के बहुत से लोग एवं संस्थाएं उनके साथ जुड़ रहें हैं और सभी मिलकर गौमाता की सेवा और सम्मान हेतु उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहें हैं। जिससे उन्हें पूर्ण विश्वास है कि वह शीघ्र ही अपने मकसद में कामयाब होंगे। उन्होंने उनका साथ देने वाले सभी व्यक्तियों एवं संस्थाओं का आभार भी व्यक्त किया।


