Tuesday, July 22, 2025
Homeकांगड़ामुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत 100 करोड़ से होगा विकास : विपिन...

मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत 100 करोड़ से होगा विकास : विपिन परमार

65 से 69 आयु की महिलाओं को एक हजार रुपये पेंशन :बिक्रम ठाकुर
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मरांडा में 222 लाख की पेयजल योजना का शिलान्यास

पालमपुर :- उद्योग एवं परिवहन मंत्री, बिक्रम ठाकुर की मौजूदगी में विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत नगर निगम वार्ड 10 मरांडा में 222 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ पेयजल योजना देहण, बंघियार के सुधार कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर राज्य सांसद इंदु गोस्वामी और वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विधान सभा अध्यक्ष ने मरांडा में जनसभा को संबोधित करते हुए सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और पालमपुर को नगर निगम का दर्जा मिलने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुलाह विधान सभा क्षेत्र की मरांडा पंचायत नगर निगम में शामिल हुई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में उन्होंने सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ लोगों की मांग के अनुरूप कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पेयजल के सुधार के लिये जलजीवन मिशन में सवा दो करोड़ रुपये की योजना का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधा के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र यहां स्थापित किया गया है और यहां की सड़कों और बिजली में सुधार किया गया है। उन्होंने कहा कि अब नगर निगम का तोफा इस क्षेत्र के लिये बहुत बड़ा उपहार है जिससे इस क्षेत्र के विकास को और अधिक गति प्राप्त होगी।
परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ -साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिये भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस वर्ष 30 हजार से अधिक पदों को भरने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार की दिशा में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना का विस्तार करने के साथ बजट में भी बढ़ोतरी कर 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
इस अवसर उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं आज किसी क्षेत्र में पीछे नही हैं और हिमाचल की बेटियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यह प्रत्येक हिमाचलवासी के लिये गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिला कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में कई योजनायें चलाई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बजट में स्वर्ण जयंती नारी सम्बल योजना आरम्भ की है, जिसमे 65 से 69 वर्ष आयु की वरिष्ठ महिलाओं को 1 हजार रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन का प्रावधान किया है। उन्होंने बताया कि बीपीएल परिवार की दो लड़कियों तक अब ₹21000 ग्रांड डिपॉजिट के रूप में देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के लिए भी अनेक योजनाएं घोषित की गई हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत तीन लाख परिवारों को अगले वर्ष भी गैस का रिफिल निशुल्क देने का प्रावधान बजट में किया गया है।
उद्योग मंत्री ने नगर निगम के सृजन के लिए पालमपुर के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदेश सरकार का अभूतपूर्व निर्णय था। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में आने वाले क्षेत्रों के विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि नगर क्षेत्र के अधीन अगले 3 वर्ष तक किसी प्रकार का टैक्स नहीं लिया जाएगा और इस अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है।उन्होंने कहा कि जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में ₹300 करोड़ से अधिक लागत के विकास योजना पर कार्य चल रहा है।
उन्होंने इस अवसर पर वार्ड नंबर 10 मरांडा में 50 स्ट्रीट लाइट लगाने तथा इस वार्ड से पालमपुर के लिए एक इलेक्ट्रिक बस चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सभी वार्डों से कूड़ा उठाने का कार्य घर-घर से आरंभ कर दिया गया है।
इससे पहले राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा कि पालमपुर को निगम का दर्जा देना मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का ऐतिहासिक निर्णय था। उन्होंने कहा कि निगम बनने से पालमपुर के विकास को योजनात्मक रूप से गति प्राप्त होगी। उन्होनें उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी और कहा कि प्रदेश की बेटियों ने हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, अतिरिक्त महाधिवक्ता हिमांशु मिश्रा, प्रदेश पर्यटन प्रकोष्ठ के संयोजक विनय शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, महामंत्री देवेंद्र राणा सुलाह भाजपा अध्यक्ष देशराज शर्मा, महामंत्री सुखदेव मसंद, विपिन जमवाल, रागिनी रुकवाल पालमपुर मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु भट्ट, चंद्रवीर, नगर निगम के आयुक्त पंकज शर्मा, एसडीम पालमपुर धर्मेश रामोत्रा, डीएसपी अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति संजय ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे

Most Popular