Friday, March 29, 2024
Homeकुल्लूइस बार नए स्वरूप में नजर आएगा विंटर कार्निवल: गोविंद सिंह

इस बार नए स्वरूप में नजर आएगा विंटर कार्निवल: गोविंद सिंह

रेणुका गौतम

2 से 6 जनवरी तक मनाया जाएगा मनाली का राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव
वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा हैै कि इस बार 2 से 6 जनवरी तक मनाया जाने वाला मनाली का राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव नए स्वरूप में नजर आएगा। इसमें सांस्कृतिक, पर्यटन और विंटर स्पोट्र्स से संबंधित गतिविधियों के अलावा आम लोगों व पर्यटकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रति जागरुक करने पर भी विशेष बल दिया जाएगा। शुक्रवार को मनाली में राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव आयोजन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए गोविंद सिंह ने यह जानकारी दी। इस बैठक में वन मंत्री ने आयोजन समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों के साथ शरदोत्सव के विभिन्न प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि शरदोत्सव के माध्यम से जहां मनाली और इसके आस-पास के क्षेत्रों मंे पर्यटन का विस्तार होता है, वहीं देश-विदेश के पर्यटक यहां की समृद्ध लोक संस्कृति से भी रूबरू होते हैं।
गोविंद सिंह ने कहा कि शरदोत्सव के मुख्य आकर्षणों में स्थानीय एवं विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक झांकियां, विंटर क्विन स्पर्धा, वाॅयस आॅफ कार्निवल, बेबी शो, फैशन शो और सामूहिक नाटी रहेगी। उन्होंने बताया कि माॅल रोड पर आयोजित की जाने वाली सामूहिक नाटी में मनाली क्षेत्र के लगभग 120 महिला मंडलों की करीब 4000 महिलाएं भाग लेंगी। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए 15 प्रदेशों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। देश-विदेश के सैलानियों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक दल स्ट्रीट डांस करेंगे।
गोविंद सिंह ने कहा कि शरदोत्सव के माध्यम से विंटर स्पोट्र्स और एडवेंचर स्पोट्र्स को बढ़ावा देने के लिए इनसे संबंधित स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। वन मंत्री ने इसके लिए अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबंधित खेल संस्थान, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। आयोजन समिति पहली बार स्मारिका का प्रकाशन करवाएगी, जिसमें क्षेत्र की लोकसंस्कृति, पर्यटन, विंटर स्पोट्र्स, एडवेंचर स्पोट्र्स और अन्य गतिविधियों का समावेश किया जाएगा। वन मंत्री ने शरदोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, स्थानीय निकायों, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन, अन्य संस्थाओं और समस्त क्षेत्रवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव के विभिन्न प्रबंधों के लिए उपसमितियों का गठन कर दिया गया है। इन उपसमितियों के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दें।

स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त शरदोत्सव मनाएंगे
गोविंद सिंह ने कहा कि शरदोत्सव के दौरान स्वच्छता पर विशेष फोकस किया जाएगा तथा उत्सव को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा। इस संबंध में होटल एसोसिएशन और सभी होटलियरों से चर्चा की जाएगी। स्थानीय नगर परिषद 25 दिसंबर से ही शहर में तीन शिफ्टों में सफाई आरंभ कर देगी और यह व्यवस्था 10 जनवरी तक जारी रहेगी। उत्सव से एक दिन पहले और समाप्ति के बाद मनाली में सामूहिक सफाई अभियान चलाया जाएगा।

5000 पौधे लगाकर देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वन मंत्री ने बताया कि शरदोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा और 5000 पौधे लगाए जाएंगे।

मोटर वाहन अधिनियम पर करेंगे जागरूक
आम लोगों को यातायात नियमों से अवगत करवाने तथा इनके अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय टैक्सी यूनियन, ट्रक व बस आपरेटर यूनियन शरदोत्सव के दौरान अलग स्टाॅल लगाकर जागरुकता का संदेश देंगी। मनाली और इसके आस-पास के क्षेत्रों में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
आॅडिटोरियम के निर्माण और शहर के भवनों में एकरूपता की संभावना तलाशें अधिकारी
गोविंद सिंह ने कहा कि मनाली शहर के सौंदर्य को निखारने के लिए यहां के भवनों के डिजाइन एवं वास्तुकला में एकरूपता लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और नगर परिषद के पदाधिकारियों को इस दिशा में कार्य करने को कहा। वन मंत्री ने लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों को मनाली में एक बड़े आॅडिटोरियम के निर्माण को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम रमन घरसंगी ने शरदोत्सव की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। इस अवसर पर स्थानीय नगर परिषद अध्यक्ष नीना ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन और अन्य संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Most Popular