Saturday, July 27, 2024
Homeहमीरपुरविपक्ष की सजग भूमिका में कांग्रेस, हकीकत से भाग रहे भाजपा नेता...

विपक्ष की सजग भूमिका में कांग्रेस, हकीकत से भाग रहे भाजपा नेता : राणा

कहा : सच्चाई के आइने को हमेशा झुठलाने की आदत से मजबूर भाजपा, कांग्रेस उठाती रहेगी जनता की आवाज

हमीरपुर : बढ़ती महंगाई व गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी के धरना-प्रदर्शनों पर भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी पर सुजानपुर के विधायक श्री राजेंद्र राणा जी ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता हकीकत से भाग रहे हैं जिन्हें देश के हालात ठीक लग रहे हैं जबकि महंगाई बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व गिरती अर्थव्यवस्था से पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की सच्चाई के आइने को हमेशा झुठलाने की आदत रही है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा सजग विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनता की समस्याओं को धरना-प्रदर्शनों के माध्यम से सरकार के समक्ष रखा जा रहा है लेकिन उससे भी भाजपा नेताओं को घबराहट हो रही है। उन्होंने कहा कि होना तो यह चाहिए था कि जिस जनता ने भाजपा पर विश्वास जताते हुए उन्हें सत्ता के गलियारे दिखाए, उस जनता की समस्याओं का सरकार को समाधान करना चाहिए था, क्योंकि भाजपा के राज में सब चौपट हो गया है। उद्योग धंधे तेजी से बंद हो रहे हैं। करोड़ों लोग बेरोजगार हो चुके हैं जिसे देखते हुए कांग्रेस ने जन आंदोलन छेडक़र सरकार को जगाने का काम कर रही है। अब यह सब भी भाजपा नेताओं को अखर रहा है तो भाजपा नेता बताएं कि क्या कांग्रेस पार्टी मूकदर्शक बनकर उनकी तरह हाथ पर हाथ धरे बैठी रहे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के साथ चलने में विश्वास रखती है तथा देश की वर्तमान बिगड़ी परिस्थितियोंं पर भी एक जिम्मेवार एवं सजग विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सरकार को सच से अवगत करवा रही है लेकिन सरकार उस पर अमल करने के बजाये अपनी धुन में मस्त है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार व भाजपा नेताओं को देश में बेरोजगारी अच्छी लग रही है। क्या रेंगती अर्थव्यवस्था व उद्योगों का बंद होना भाजपा सरकारों की नाकामी नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में हालात ऐसे बन चुके हैं कि ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार नित्त नए-नए हथकंडे अपनाती रहती है, ताकि सच्चाई दफन रहे तथा जनता को अच्छा-अच्छा ही दिखे लेकिन जनता भी हकीकत जानने लगी है और भाजपा की जनविरोधी नीतियों से पर्दा उठना शुरू हो गया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हक-हकूकों की लड़ाई लड़ती आई है तथा पार्टी का इतिहास रहा है कि जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, तब भी कांग्रेस ने बलिदान देते हुए देश को आजाद करवाने की लड़ाई लड़ी थी।अब दोबारा आजादी से पहले वाले हालात वर्तमान केंद्र सरकार की नीतियों से बन गए हैं, जिनसे निपटने व देश को गुलामी की ओर धकेल रही ऐसी शक्तियों से बचाने के लिए कांग्रेस बीच में खड़ी हो गई है।

Most Popular