Friday, April 19, 2024
Homeशिमलाहिमाचल में ‘‘मुख्यमंत्री हिम-सेवा (हेल्पलाइन)’’ जल्द शुरू

हिमाचल में ‘‘मुख्यमंत्री हिम-सेवा (हेल्पलाइन)’’ जल्द शुरू


जयराम सरकार आम लोगों की सुविधा के लिए प्रदेश में शीघ्र ‘‘मुख्यमंत्री हिम-सेवा (हेल्पलाइन)’’ की शुरुआत करेगी। इसको लेकर सरकार ने औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। कुछ ही दिनों में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा इसका शुभारंभ कर जनता को समर्पित किया जाएगा। यह एक काॅल सेंटर होगा तथा इसके लिए सरकार द्वारा एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। उस नंबर पर प्रदेशवासी अपनी शिकायतें एवं समस्या दर्ज करवा सकेंगे। शिकायत दर्ज होने पर संबंधित विभाग एवं अधिकारियों द्वारा उसका निपटारा उचित समय पर किया जाएगा। खास बात यह है कि हेल्पलाइन शुरू होने से लोगों को अपने कार्य करवाने संबंधी सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यानि अब एक काॅल पर ही जनता की समस्याओं का समाधान हो सकेगा। जयराम सरकार ने इस सेवा को बजट 2019-20 में शामिल किया था। मुख्यमंत्री हिम सेवा का कार्यालय (कॉल सेंटर) शिमला के टुटीकंडी में खोला गया है।

सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक कार्य करेगी ये सेवा
‘‘मुख्यमंत्री हिमसेवा (हेल्पलाइन)’’ के माध्यम से जनमंच में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी निगरानी की जाएगी। यह हेल्पलाईन प्रातः 7 से शाम 10 बजे तक क्रियाशील रहेगी। इससे सरकार के कार्य में भी पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री जी ने सभी विभागों से आग्रह किया कि जनहित में शुरू की जा रही इस प्रणाली को सफल बनाने में सहयोग दें।

चार स्तरीय शिकायत प्रणाली का होगा प्रावधान
‘‘मुख्यमंत्री हिमसेवा (हेल्पलाइन)’’ के साथ पंजीकृत कॉल को सिस्टम द्वारा स्वयं ही संबंधित विभाग को सौंपा जाएगा। इसमें चार स्तरीय शिकायत प्रणाली की योजना बनाई गई है। स्तर-1 पर खंड, स्तर-2 पर तहसील, स्तर-3 पर जिला तथा स्तर-4 पर राज्य है। सभी अधिकारियों को समयसीमा में शिकायत का निवारण करना होगा। यदि समय सीमा पार हो गई है या शिकायतकर्ता असंतुष्ट है तो समस्या अगले स्तर पर भेज दी जाएगी। शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद ही शिकायत बंद होगी।

Most Popular