Thursday, April 18, 2024
Homeकांगड़ाहिमाचल की बेटियों ने चमकाया राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम

हिमाचल की बेटियों ने चमकाया राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम

कांगड़ा : नेशनल मिक्स मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में अपने भार वर्ग में बाकी खिलाड़ियों को हराकर गोल्ड मेडल जीत कर कांगड़ा की दो बेटियों ने दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में देशभर में हिमाचल का नाम रोशन किया।

प्रियंका ने 48 किलो भार वर्ग में महाराष्ट्र व हरियाणा की खिलाड़ियों को हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उसका मुकाबला केरल की रीना कुमारी के साथ हुआ। प्रियंका ने जूड्डो के दांव पेंच चलाते हुए सामने वाली खिलाड़ी को पहले ही राउंड में चित कर दिया।

वहीं दूसरी तरफ सोमी देवी ने 54 किलो भार वर्ग में हरियाणा व दिल्ली की खिलाड़ियों को हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उसका मुकाबला राजस्थान की पूजा तोमर के साथ हुआ। तीन राउंड चले इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ी बुरी तरह घायल हो गई थीं, लेकिन आखिर में जीत हिमाचल के नाम रही। सोमी देवी ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। सोमी देवी इस समय राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज नूरपुर में बीकॉम की द्वितीय वर्ष की छात्रा है। सोमी देवी एक होनहार खिलाड़ी है जिसे मुख्यमंत्री और नूरपुर प्रशासन द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। वहीं दूसरी तरफ प्रियंका धर्मशाला गर्ल्स स्कूल से पढ़ाई पूरी करके धर्मशाला कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। प्रियंका भी जूड्डो स्कूल गेम में जिले और प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।

दोनों खिलाड़ियों का मानना है कि लड़कियों को आत्मरक्षा आनी चाहिए, ताकि वह किसी भी मुसीबत का सामना खुद कर सकें और मुसीबत में पड़े किसी की मदद भी कर सकें। खिलाड़ियों ने अपने नेशनल मेडल कुल्लू बस हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि के तौर पर अर्पित किए। प्रियंका का अगला लक्ष्य आने वाली इंटर कॉलेज जूड्डो बॉक्सिंग और कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने का है। वहीं सोमी देवी मिक्स मार्शल आर्ट विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का है। दोनों खिलाड़ियों का पूरे हिमाचल के युवाओं से अनुरोध है कि नशे को छोड़कर फिटनेस की तरफ अपना ध्यान दें नूरपुर स्पोर्ट्स क्लब द्वारा खिलाड़ियों के लिए हर प्रकार की सुविधा और ट्रेनिंग उपलब्ध करवाई जा रही है। नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया ने दोनों खिलाडि़यों को बधाई दी है।

Most Popular