Saturday, July 27, 2024
Homeसिरमौरनिगम की बसों मेंं टांका मारने वाले 8 कंडक्टरों को किया चार्जशीट

निगम की बसों मेंं टांका मारने वाले 8 कंडक्टरों को किया चार्जशीट

टांका मारने वाले 7 कंडक्टर नाहन व एक सोलन डिपो से
नाहन : हिमाचल पथ परिवहन निगम टांका मारने वाले कंडक्टरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हाल ही में एचआरटीसी की फ्लाइंग स्कावट टीम ने जिला सिरमौर में 8 परिचालकोंं को टांका मारते हुए पकड़ा। टांका मारने वाले कंडक्टरों की चार्चशीट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। साथ ही कारण बताओं नोटिस भी जारी कर दिये है।

फ्लाइंग स्कावट व आरएम नाहन द्वारा टांका मारते पकड़े गए 8 कंडक्टरों में सात नाहन व एक सोलन डिपू का कंडक्टर शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंडक्टरों ने दो-तीन सवारियों से पैसे तो लिए हुए थे, मगर उन्हें टिकट नहीं दिया था। जब परिवहन निगम की फ्लाइट स्कावट टीम ने बसों में यात्रियों के टिकट चेक किए, तो अलग-अलग रूटों की 8 बसों में कुछ यात्रियों के पास टिकट नहीं पाई गई। जब इन यात्रियों से पूछा गया कि उन्होंने टिकट क्यों नहीं ली, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कंडक्टर को पैसे तो दिए थे, मगर कंडक्टर ने उन्हें टिकट नहीं दी। जिस पर 8 कंडक्टरों के खिलाफ निगम ने विभागीय चार्जशीट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी है।

बता दें कि इससे पहले भी फ्लाइंग स्कॉवट, आरएम फ्लाइंग व निगम के इंस्पेक्टरों द्वारा अढाई महीने के लिए रखे गए प्रशिक्षु कंडक्टरों को टांका मारते हुए पकड़ा था। जिसमें नाहन डिपू के तहत फ्लाइंग इंस्पेक्टरों द्वारा 70 प्रशिक्षु कंडक्टरों को टांका मारने हुये पकडे जाने के बाद तत्काल हटा दिया गया था। वहीं अब जिला सिरमौर में आरएम, प्रदेश मुख्यालय की फ्लाइंग स्कावट की टीमों व निगम के इंस्पेक्टरों ने कंडक्टरों के ऊपर और सख्त रवैया अपना लिया है। जिसके चलते प्रत्येक बसों की चेकिंग की जा रही है।

फ्लाइंग स्कावट व बसों की चेकिंग के दौरान नाहन डिपू के सात व सोलन डिपू का एक कंडक्टर टांका मारते हुए पकड़ा गया। जिस पर सभी कंडक्टरों की चार्चशीट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। साथ ही कारण बताओं नोटिस भी जारी कर दिये है।
राशिद शेख क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी नाहन

Most Popular