33वीं पुण्यतिथि पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने किए श्रद्धा सुमन अर्पित
रेणुका गौतम, कुल्लू : पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि आज जिला मुख्यालय कुल्लू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिसमें क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर विशेष तौर से मौजूद रहे। इस मौके पर सभी ने स्व. राजीव गांधी द्वारा देश के प्रति निभाए गए कर्त्तव्यों को याद किया। और सभी देशवासियों से एकजुट होकर देश की अखंडता बनाए रखने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने इस दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में आधुनिक कंप्यूटर युग की नींव पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 राजीव गांधी द्वारा ही रखी गई है। एक वही थे, जिन्होंने भारत में कंप्यूटर को लाने की पहल की। इस मौके पर भाजपा पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जब स्व. राजीव गांधी ने कंप्यूटर को भारत में लाने का ऐलान किया था, तब भाजपा ने यह हवाला दिया था कि यदि कंप्यूटर देश में आता है तो इससे बेरोजगारी बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। और अपना विरोध प्रदर्शन करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता संसद में भी बैलगाड़ी पर पहुंच गए थे। लेकिन आज यदि देखा जाए तो कंप्यूटर युग में हमारा देश कहां से कहां पहुंच चुका है।
दूसरा उन्होंने पंचायती राज स्तर पर महिलाओं की भागीदारी निश्चित करने के लिए राजीव गांधी द्वारा महिलाओं को आरक्षण दिए जाने की भी बात की। और उनके द्वारा उठाए कदम की भूरी भूरी सहाना की।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने इस मौके पर सभी से आह्वान किया कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने जिस तरह देश की एकता को बनाए रखने के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया। जिसके चलते ही वह कुछ असमाजिक तत्त्वों की आंखों की किरकिरी बन बैठे और अपने प्राणों से हाथ धोने पड़े। आज सभी देशवासियों को चाहिए कि देश की एकता के लिए किए गए उनके कार्यों को याद रखें और भविष्य में भी एक होकर देश के लिए आगे बढ़ने का प्रयास करें। खासकर, जब बाहरी अलगाववादी ताकतें देश को तोड़ने का भरसक प्रयास कर रही हो। इस मौके पर नगर परिषद कुल्लू के प्रधान गोपाल कृष्ण महंत, पार्षद उष्मज शर्मा, कुब्जा ठाकुर, मनु शर्मा, अनिल सूद सहित कांग्रेस के बहुत से दिग्गज नेता शामिल।