Friday, March 29, 2024
Homeशिमलामुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनावों में भारी जनादेश के लिए किया लोगों का...

मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनावों में भारी जनादेश के लिए किया लोगों का धन्यवाद

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने राज्य के सभी चार संसदीय क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की भारी व अभूतपूर्व जीत पर राज्य के लोगों का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य के इतिहास में पहली बार हुआ है कि जब भाजपा के उम्मीदवारों ने सभी संसदीय सीटों पर इतने भारी मतों से विजय हासिल की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवारों ने प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाई है, जो अपने आप में एक कीर्तिमान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों के परिणाम देश तथा प्रदेश के लोगों द्वारा मोदी सरकार और राज्य सरकार की नीतियों पर जनमत संग्रह था। उन्होंने विजय का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया, जिन्होंने विशेषकर समाज के गरीब तथा पिछड़े वर्गों के कल्याण व विकास के लिए पिछले पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों के नतीजों से यह साबित हो गया है कि राष्ट्र एक मजबूत नेतृत्व चाहता है, जोकि देश को प्रगति व समृद्धि के पथ पर आगे ले जा सके तथा ऐसा नेतृत्व केवल नरेन्द्र मोदी दे सकते हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि यह चुनाव मजबूत भारत के लिए लड़े गए थे तथा लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना मत दिया है, जिन्होंने अपने बेजोड़ नेतृत्व क्षमता के बूते राष्ट्र को सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरूद्ध चलाए जा रहे मिथया प्रचार को नकार दिया है तथा विपक्ष के गलत इरादों को नकार कर माकूल जवाब दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभूतपूर्व विजय का श्रेय राज्य के वरिष्ठ नेताओं जैसे शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, जगत प्रकाश नड्डा, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा राज्य के लोगों को जाता है, जिनके निरन्तर सहयोग के कारण भाजपा प्रत्याशियों की ऐतिहासिक जीत संभव हुई है।

उन्होंने राज्य की महिलाओं तथा युवाओं द्वारा दिये गए महत्वपूर्ण सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया, जिसके कारण भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी मतों से विजय सुनिश्चित हो पाई है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की राज्य सरकार ने गत एक वर्ष के दौरान राज्य के लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न नई योजनाएं आरम्भ की हैं तथा राज्य के लोगों द्वारा भाजपा को दिये गए भारी जनमत से यह सिद्ध होता है कि वे राज्य सरकार द्वारा लोगों के कल्याण के लिए आरम्भ किए गए कार्यक्रमों व नीतियों से पूरी तरह से संतुष्ट है। उन्होंने राज्य के लोगों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार भविष्य में भी विकासोन्मुखी नीतियां सुनिश्ति करेगी ताकि वह लोगों की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं पर खरी  उतर सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनने से हिमाचल प्रदेश को एक नया प्रोत्साहन मिलेगा।

सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्धाज, मुख्य सचेतक नरेन्द्र बरागटा, संगठन सचिव पवन राणा, शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा के विजयी प्रत्याशी सुरेश कश्यप तथा सैंकड़ों पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर में एकत्रित हुए तथा उन्होंने मुख्यमंत्री को इस अभूतपूर्व विजय पर बधाई दी।

Most Popular