Homeकुल्लूअंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव की रूपरेखा तैयार, लेजर और ड्रोन शो रहेंगे विशेष...

अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव की रूपरेखा तैयार, लेजर और ड्रोन शो रहेंगे विशेष आकर्षण

 

देवसंस्कृति रहेगी हमेशा की तरह सर्वोपरि: सुंदर सिंह ठाकुर 

रेणुका गौतम, कुल्लू : देवभूमि कुल्लू में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने हेतू उत्सव की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। उत्सव में जहां हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति और परंपराओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, वहीं पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आधुनिक तकनीक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष समावेश किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव कमेटी की बैठक आज अटल सदन कुल्लू में रखी गई जिसकी अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने की।

 अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव में इस बार लेजर शो और ड्रोन शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। दशहरा उत्सव कमेटी के अध्यक्ष एवं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि ड्रोन एवं लेज़र शो उत्सव की भव्यता और सौंदर्य को और बढ़ाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को कुल्लू की सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि दशहरा उत्सव के दौरान अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष आयोजन किया जाएगा। विभिन्न देशों और राज्यों से आने वाले कलाकार अपनी-अपनी संस्कृति, लोक कला, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के निर्देशन मे अंतर्राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। स्थानीय लोक कलाकारों को अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे हिमाचल की लोक संस्कृति और प्रतिभा को बेहतर मंच प्राप्त होगा।

 उन्होंने बताया कि यह बात सर्वविदित है कि कुल्लू दशहरा की सबसे बड़ी पहचान यहां की अमूल्य देव संस्कृति एवं सदियों पुरानी परंपराएं हैं। उत्सव की भव्यता और आधुनिक आयोजनों के बीच देव संस्कृति को हमेशा की तरह सर्वोच्च स्थान दिया जाएगा। 

आयोजन में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि आधुनिक कार्यक्रमों के साथ कुल्लू दशहरा की पारंपरिक पहचान और धार्मिक-सांस्कृतिक स्वरूप बना रहे। 

 कुल्लू दशहरा उत्सव कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने देश-विदेश के पर्यटकों को अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव में शामिल होने का न्योता भी दिया है। उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति, परंपराओं, लोक कला और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यही उत्सव और देवसंस्कृति प्रदेश को सबसे अनोखा और ख़ास बनाते हैं।

इसके अलावा बैठक में बिजली, पानी, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था जैसे विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई और इन्हें और बेहतर ओर मजबूत बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।

 बैठक में कार्यवाहक उपायुक्त सुरजीत सिंह राठौड़, एडीसी देववंती ठाकुर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, भगवान रघुनाथ जी के कारदार दानवेन्द्र सिंह नगर परिषद कुल्लू के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित सभी विभागों के अधिकारियों ने शिरकत की।

Most Popular