संडे मार्केट सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
रेणुका गौतम, कुल्लू : व्यापार मण्डल कुल्लू का एक प्रतिनिधि मण्डल आज सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर व उपाध्यक्ष शालिनी राय से मिला। सर्वप्रथम दोनों नव नियुक्त पदाधिकारियों को व्यापार मण्डल के अध्यक्ष मदन लाल सूद द्वारा परंपरानुसार टोपी और शाल भेंट करके सम्मानित किया गया।इस दौरान शहर की समस्याओं पर चर्चा की गई और व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों ने शहर की कुछेक प्रमुख समस्याओं के हवाला देते हुए आपसी सहयोग द्वारा इन्हें हल करने की बात पर बल दिया।
शहर की समस्याओं पर बात करते हुए व्यापार मण्डल ने शहर में घूम रहे बेसहारा पशुओं की लगातार बढ़ती संख्या पर चिंता ज़ाहिर करते हुए उनके आश्रय हेतू शीघ्र ही उचित कदम उठाने का आग्रह किया। साथ ही गत वर्ष आई बाढ़ के कारण आखाडा बाजार स्थित व्यास नदी के किनारे बिछाई गई सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त होने का भी मुद्दा उठाया गया। व्यापार मंडल के सदस्यों का कहना है कि इन सीवरेज पाइपों के क्षतिग्रस्त होने के चलते शहर वासियों को भारी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है और सीवरेज कि गंदगी भी बुरी तरह खुले में फ़ैल रही है। इस मौके पर व्यापार मण्डल कुल्लू ने बस स्टैंड के साथ लगते मार्ग की खस्ताहाल का भी ज़िक्र करते हुए इसे सुधारने का आग्रह किया।
इस मौके पर ढालपुर में लगाए जाने से सन्डे मार्किट का भी विरोध किया और कहा कि इस मार्किट के कारण ढालपुर में अव्यवस्था का माहौल बनता है, वाहनों की आवाजाही भी काफ़ी प्रभावित होती है। साथ ही मार्किट के चलते स्थानीय व्यापारियों का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
बनगर परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने सभी मुद्दों पर हुई चर्चा के बाद आश्वासन देते हुए कहा कि शहर में घूम रहे बेसहारा पशुओं को शीघ्र ही नालागढ़ की सेंचुरी में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन के बारे में जल शक्ति विभाग से भी बात की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरवरी बस अड्डे के समीप के सडक मार्ग की भी शीघ्र ही मुरम्मत का कार्य किया जाएगा। साथ ही ढालपुर में लगने वाली सन्डे मार्केट को लेकर कहा कि केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार किसी भी व्यक्ति से उसकी रोज़ी-रोटी नहीं छीनी जा सकती। लेकिन जहाज तक बात दुकानदारों द्वारा गंदगी फैलाने की है तो इस मार्किट में दुकान लगाने वाले दुकानदार जो खुले में कचरा फेंकते हैं उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके चालान ज़रूर काटे जाएंगे।
इस मौके पर व्यापार मण्डल के अध्यक्ष मदन लाल सूद, चीफ पैटर्न दिनेश सेन, सचिव सुबोध सूद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

