Homeकुल्लूसरकार के अजीबोगरीब फ़ैसले प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर बोझ : जयराम...

सरकार के अजीबोगरीब फ़ैसले प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर बोझ : जयराम ठाकुर

 

बोले हिमाचल में एंट्री टैक्स और अब पंजाब में खालसा टैक्स पर चिंतन करे सरकार 

रेणुका गौतम, कुल्लू :   ‘वर्तमान समय में जहां प्रदेश की कांग्रेस सरकार माली कमजोर हालात का ढिंढोरा पीट रही हैं, वहीं सरकार की आर्थिक स्थिति को खुद ही लाचार बनाने वाले फैसले भी ले रही है”, यह बात नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जिला कुल्लू पहुंचने पर कही। वह यहां हाल ही में पार्टी द्वारा आयोजित स्थानीय चुनावों में विजई रहे भाजपा के प्रतिनिधियों को सम्मानित करने पहुंचे। 

  जिला कुल्लू में हाल ही में सम्पन्न पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली एतिहासिक जीत और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिले भारी समर्थन से गदगद भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कुल्लू पहुंच कर भाजपा समर्थित चुने हुए प्रतिनिधियों की पीठ थपथपाई।

इसके पश्चात मीडिया से मुखातिब होते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि त्रि-स्तरीय पंचायती राज चुनावों में प्रधानों और उप-प्रधानों की शपथ ज़िला में ही करवाई जाती रही है। लेकिन इस बार इस कार्य के लिए राज्य भर के सभी प्रधानों और उप-प्रधानों को शिमला बुलाकर शपथ समारोह किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर राज्य की आर्थिकी पर बेवजह का बोझ है। एक तरफ़ तो प्रदेश सरकार तंग आर्थिक स्थिति की बात करती है और दूसरी तरफ इस तरह के बेवजह के खर्चों वाले फैसले ले रही है, जो हैरानी और चिंता के विषय है।

 साथ ही पंजाब में खालसा टैक्स को लेकर भी उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा प्रदेश में बाहरी राज्यों के वाहनों पर प्रवेश शुल्क के चलते ही ऐसा हुआ है। यह प्रवेश शुल्क सीमा पर रहने वाले हिमाचलियों के लिए भी बोझ है। यह शुल्क सिर्फ सैलानियों ही नहीं बल्कि प्रदेश के लोगों के लिए भी ठीक नहीं है। क्योंकि सीमा पर रहने वाले हिमाचलियों की रिश्तेदारी अधिकतर साथ लगते राज्यों में है और प्रदेश से बाहर आना-जाना अब उनके लिए बेवजह परेशानी का सबब हो रहा है। अतः अब प्रदेश सरकार को सीधे तौर पर पंजाब सरकार से बात करके ही खालसा टैक्स मामले का हल निकालना चाहिए। 

इस मौके पर ज़िला भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा सहित नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी बिहारी लाल शर्मा एवं सह-प्रभारी प्रियंता शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Most Popular