रेणुका गौतम, कुल्लू : मुख्य संसदीय सचिव वन, पर्यटन ,ऊर्जा एवं परिवहन सुंदर सिंह ठाकुर ने ढालपुर में अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव की तैयारियों का जायज़ा लिया। दशहरा कमेटी के अध्यक्ष होने के नाते इस बार सुंदर सिंह ठाकुर द्वारा दशहरे को विशेष तौर से आकर्षक एवं और अधिक मनमोहक बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। जैसे इस वर्ष दशहरा उत्सव के दौरान भिक्षावृत्ति पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा, उत्सव के दौरान एक ही प्रकार के आकर्षक कैनोपी टेंट्स सज रहें हैं। तो साथ ही तकरीबन 20 देश से अधिक कलाकारों की आकर्षक संस्कृतियों की झलक दशहरा उत्सव के दौरान देखने को मिलेगी।

अतः इस अन्तर्राष्ट्रीय उत्सव को सफल बनाने में किसी भी प्रकार की कमी पेश न आए इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेज़ी लाने के निर्देश दिए तथा कल तक हाई मास्ट लाइट को आरम्भ करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त ज़िला दंडाधिकारी अश्वनी कुमार सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।


