Thursday, February 19, 2026
Homeमंडीमंडी पुलिस ने कार सवार युवकों से पकड़ी नशे की खेप

मंडी पुलिस ने कार सवार युवकों से पकड़ी नशे की खेप

मंडी 

जोगेंद्र नगर पुलिस ने मंडी-कांगडा सीमा पर पुलिस चेक पोस्ट घट्टा के नजदीक कार सवार तीन लोगों सेे एक किलो 410 ग्राम चरस और सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को पहले से ही उस पर शक था, इसलिए उस पर नजर रखी जा रही थी। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात मंडी-कांगड़ा सीमा पर पुलिस चौकी घट्टा की टीम वाहनों की तलाशी ले रही थी। इस दौरान बैजनाथ से जोगेंद्रनगर आ रही कार में सवार लोगों व वाहन की तलाशी लेने पर सात ग्राम हेरोइन पकड़ी गई। पूछताछ के बाद हिरासत में लिए एक आरोपी की निशानदेही पर एक किलो 410 ग्राम चरस बरामद की गई। देसराज निवासी बरोहल जोगेंद्र नगर, श्रवण कुमार निवासी हरड़बेहलू खलेई चौंतड़ा, हरीश कुमार निवासी चौगान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चौकी घट्टा के मुख्य आरक्षी तुलसी राम, चमन लाल, आरक्षी बंशी लाल, राकेश और महिला आरक्षी  सीमा की टीम ने यह कार्रवाई की है। डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने कहा आरोपी हेरोइन ओर चरस कहां से लाए थे और कहां ले जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के सौदागरों पर नकेल कसी जा रही है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Most Popular