Tuesday, March 17, 2026
Homeकुल्लूअचानक बर्फबारी के कारण फंसे वाहनों को रेस्क्यू ऑपरेशन से निकाला...

अचानक बर्फबारी के कारण फंसे वाहनों को रेस्क्यू ऑपरेशन से निकाला जा रहा सुरक्षित : उपायुक्त कुल्लू

डीएसपी मनाली के सफल नेतृत्व में अब तक सैकड़ों वाहन निकाले बर्फबारी से

रेणुका गौतम, कुल्लू : उपायुक्त, अनुराग चन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण अटल टनल के साउथ पोर्टल के समीप लगभग 1500 वाहन फंस गए थे। ज़िला प्रशासन, पुलिस, तथा बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) की टीमों द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। इस दौरान रात लगभग 4 बजे तक करीब 1100 – 1200 वाहनों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर निकाल लिया गया।

इसके अतिरिक्त साउथ पोर्टल पर फंसे लगभग 300 वाहनों को भी बाद में सुरक्षित रूप से मनाली की ओर रवाना किया गया है। मामले को लेकर जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि बचाव अभियान अभी भा जारी है। साउथ पोर्टल पर कल फंसे रहे 300 वाहनों को भी सुरक्षित रूप से मनाली की ओर निकाल दिया गया है। वहीं सुबह सिस्सू की ओर से आए लगभग 300 वाहनों को भी धीरे-धीरे सुरक्षित रूप से मनाली की ओर भेजा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू तथा डीएसपी मनाली अपनी टीमों सहित मौजूद हैं। इसके अलावा बीआरओ के मेजर एम.एस. परमार अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात हैं और सभी फंसे वाहनों को सुरक्षित रूप से मनाली की ओर भेजने का कार्य किया जा रहा है। साउथ पोर्टल की सुरक्षा के लिए तैनात 20 जवान भी पिछले 24 घंटों से लगातार राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

साथ ही उपायुक्त ने आम जनमानस और पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में बिना आवश्यक जानकारी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा न करें। तो वहीं गत रात्रि अटल टनल में तकरीबन 150 वाहनों सहित 80 लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली है, जिन्हें बकायदा पुलिस जवानों द्वार खाने पीने की सामग्री भी बांटी गई।

गौरतलब है कि मनाली के निकट अटल टनल और इसके आसपास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे बचाव अभियान में डीएसपी मनाली के डी शर्मा के सफल नेतृत्व की चारों ओर भरपूर प्रशंसा हो रही है।

Most Popular