Sunday, February 1, 2026
Homehimachalजहां जनता दर्द में, वहां कांग्रेस का जश्न… यह संवेदनहीनता नहीं तो...

जहां जनता दर्द में, वहां कांग्रेस का जश्न… यह संवेदनहीनता नहीं तो क्या है? : राकेश जमवाल

जहां जनता दर्द में, वहां कांग्रेस का जश्न… यह संवेदनहीनता नहीं तो क्या है? : राकेश जमवाल

कहा,, मंडी में अब भी 33 आपदा पीड़ित लापता… ऐसे माहौल में जश्न? जनता के जख्मों पर नमक

सुंदरनगर : सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की अरठी, कपाही, कलौहड़ और वीणा पंचायतों के व्यापक जनसम्पर्क अभियान के दौरान भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जहां जनता पिछले तीन साल से भारी तकलीफ में है, वहां कांग्रेस का जश्न मनाना उनके सुशासन की नहीं, बल्कि क्रूर और असंवेदनशील शासन की सबसे बड़ी तस्वीर है।

उन्होंने कहा कि आज भी आपदा में 33 लोग लापता हैं, जिनके परिवार रोज़ दरवाजे-दरवाजे फरियाद कर रहे हैं। हजारों परिवार मुआवजे और पुनर्वास के इंतजार में हैं। इन हालात में कांग्रेस का जश्न मनाना सीधे-सीधे जनता के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है।

राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग कांग्रेस सरकार की उपेक्षा का शिकार है। पिछली भाजपा सरकार की विकासात्मक योजनाओं पर ताला लग चुका है। हजारों बुजुर्गों और एकल महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद, गौशालाओं को महीनों से एक रुपये की ग्रांट नहीं मिली, गरीब परिवारों को मकान की किश्तें तक नहीं दी गईं, और आपदा प्रभावितों को अभी तक समुचित राहत नहीं मिली। ऐसे में कांग्रेस सरकार मंडी में ‘जश्न’ मनाने जा रही है — यह जनता की पीड़ा का उपहास है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जश्न नहीं, तीन साल की बरबादी का मातम मनाना चाहिए। भाजपा सरकार के समय शुरू की गई योजनाओं के लाभार्थियों को कांग्रेस ने अंधेरे में धकेल दिया है और अब दिखावे के कार्यक्रमों के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।

विधायक ने कहा कि जिस सरकार ने जनता के आंसू भी नहीं पोंछे, वह आज स्वागत करने के नाम पर भीड़ जुटाना चाहती है। जनता पूछ रही है—किस बात का उत्सव? किस उपलब्धि का जश्न? किस विकास का स्वागत?

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश दिखावे की नहीं, राहत, पुनर्वास और ईमानदार शासन की मांग कर रहा है। मंडी की जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस का तीन साल का कार्यकाल वादाखिलाफी, करों की मार, महंगाई, आपदा प्रबंधन में विफलता और जनता की अनदेखी का प्रतीक बन चुका है।

अंत में राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती से जनता के साथ खड़ी है और हर एक पीड़ित और लाभार्थी की आवाज बुलंद कर रही है। कांग्रेस चाहे जितनी कोशिश कर ले, जनता की पीड़ा और उनकी यादें मिटा नहीं पाएगी।
उन्होंने कहा—जहां जनता रो रही हो, वहां जश्न मनाने का हक किसी सरकार को नहीं।

Most Popular