Sunday, May 19, 2024
Homehimachalweather update : 29,30को मौसम खराब... ऑरेंज अलर्ट

weather update : 29,30को मौसम खराब… ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश : प्रदेश में यैलो अलर्ट के बीच अब 29 व 30 मार्च को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाओं के साथ आंधी चलने व बिजली गिरने और वर्षा व हिमपात का ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है। 28 व 31 मार्च को यैलो अलर्ट रहेगा जबकि पहली अप्रैल से मौसम के साफ व शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आने से राज्य पर असर पड़ने की संभावना है। 29 मार्च से 31 मार्च 2024 तक हल्की से मध्यम वर्षा शुरू होने की संभावना है। आगामी 24 से 36 घंटों के दौरान इसकी तीव्रता में वृद्धि होगी।

इस अवधि में चम्बा, लाहौल-स्पीति व कुल्लू के ऊंचे इलाकों में होगा हल्के से मध्यम दर्जे का हिमपात होगा और चम्बा, शिमला, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर व ऊना में 40 से 50 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चलेंगी। चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी में भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही गरज के साथ ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं। प्रदेश में 28 और 31 मार्च को छिटपुट स्थानों पर बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि, वर्षा व बर्फबारी के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने संबंधित विभागों द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का अनुपालन करने का आह्वान किया है।

बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली, जिससे अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में इजाफा हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान ऊना में 32.7 डिग्री रहा जबकि शिमला में 22.4 डिग्री तापमान रहा, वहीं न्यूनतम तापमान केलांग में 2.4 डिग्री व शिमला में 11.6 डिग्री रहा। पिछले दो-तीन दिनों से धूप खिलने से तापमान में इजाफा होने से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। अब तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी ऊपर चढ़ने लगा है और अब कहीं भी तापमान शून्य या माइनस में नहीं चल रहा है।

Most Popular