Friday, April 19, 2024
Homeराजनीतिविपक्ष का बिखरा कुनबा नहीं रोक पाएगा विजय रथ - विनोद ठाकुर

विपक्ष का बिखरा कुनबा नहीं रोक पाएगा विजय रथ – विनोद ठाकुर

कहा, जनता की उम्मीदों पर खरा उतरी जयराम सरकार

शिमला – भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने जयराम सरकार के खिलाफ कांग्रेस की तथ्यहीन बयानबाजी को कोरा सियासी ड्रामा करार दिया है। उनका कहना है कि एक तो सरकार की परफार्मेंस ने विरोधी दलों को मुद्दाविहीन कर दिया है। दूसरा विपक्ष का बिखरा कुनबा न तो जनता से जुड़ पा रहा है और न ही कार्यकर्ता से। यह बिखराव उनके दोबारा सत्ता में लौटने के सपनों को चकनाचूर कर रहा है। कमजोर विपक्ष भाजपा का विजय रथ रोकने में कभी कामयाब नहीं हो पाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अभी तक अपना सरदार ही तय नहीं कर पाई है। आए दिन कांग्रेस में जारी वर्चस्व की जंग अखबारों की सुर्खियां बनती हैं। कोरोना महामारी में भी खुद को सरदार साबित करने की होड़ ने विपक्ष की इस कमजोरी को सड़क पर ला दिया। कहीं पोस्टर फाड़े गए तो कहीं नेताओं की तस्वीरों पर अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कालिख पोत दी। अपनी इसी कमजोरी को छुपाने के लिए जयराम सरकार की उपलब्धियों पर तथ्यहीन आरोप लगाए जा रहे हैं। शायद विपक्ष के नेता ये भूल चुके हैं कि डिजीटल युग में वोटर को भ्रमित करना उनके बस का नहीं। सच्चाई बहुत जल्द जनता के सामने आ जाती है।

भाजपा सेवा ही संगठन मंत्र के साथ जनता के विकास के लिए काम कर रही है। जनता खुद जयराम सरकार की उपलब्धियों को आगे बढ़ा रही है। कोरोना महामारी के दौरान सरकार के जनहितैषी फैसलों से वोटर का विश्वास और बढ़ा है। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि आरोपबाजी से सत्ता में वापसी नहीं हो पाएगी, इसके लिए जनता का विश्वास जीतना पड़ता है। प्रदेश में हजारों करोड़ की विकास योजनाएं चल रही हैं और आगामी समय में भी यह क्रम जारी रहेगा।

Most Popular