Friday, April 19, 2024
Homeकांगड़ाचामुंडा मां के दर्शन को आई महिला की बिगड़ी तबीयत, छिन गई...

चामुंडा मां के दर्शन को आई महिला की बिगड़ी तबीयत, छिन गई जिंदगी

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित पुलिस थाना पालमपुर के तहत डाढ गांव से एक दुखद खबर सामने आई है। दरअसल, यहां पर अचानक से तबियत बिगड़ने के चलते एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। बताया गया कि वह यहां स्थित एक होटल में ठहरी हुई थी। 

बताया गया कि उक्त महिला अपने पति के साथ एक ग्रुप में श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में मां के दर्शन करने के लिए यहां आई हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं का ग्रुप मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद मां चामुंडा देवी मंदिर पहुंचा था। देर रात यहां पहुंचने के कारण श्रद्धालुओं का यह पूरा ग्रुप डाढ स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। 

इस बीच अचानक से महिला की तबियत बिगड़ गई और उसे आनन फानन में कांगड़ा जिले स्थित डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा ले जाया गया, लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर्स द्वारा उक्त महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

जान गंवाने वाली महिला की पहचान वियरी स्वामी पत्नी अरुण पोस्ट आफिस मोका जिला वलेरी कर्नाटक के रूप में हुई है। वहीं, मामले का पता चलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में ले लिया। थाना पालमपुर के एसएचओ संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव पति को सौंप दिया है।

Most Popular