Thursday, September 19, 2024
Homeशिमलामुख्यमंत्री के प्रधान सचिव हुए सेवानिवृत..सुभाषीश पांडा को अतिरिक्त पदाभार

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव हुए सेवानिवृत..सुभाषीश पांडा को अतिरिक्त पदाभार

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रधान सचिव जेसी शर्मा सोमवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके स्थान पर अब सुभाषीश पांडा को इस पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सेवानिवृत्ति के बाद अब जेसी शर्मा को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का प्रधान सलाहकार बनाने की तैयारी है। इससे पूर्व वीरभद्र सरकार में तत्कालीन प्रधान सचिव मुख्यमंत्री रहे टीजी नेगी को भी मुख्यमंत्री का प्रधान सलाहकार बनाया गया था। उस वक्त प्रधान सचिव मुख्यमंत्री का काम भी टीजी नेगी ही देख रहे थे। जयराम सरकार भी इसी प्रयोग को दोहराना चाह रही है। इसलिए सरकार ने अभी सुभाषीश पांडा को केवल अतिरिक्त कार्यभार ही दिया है। सुभाषीश पांडा वर्तमान में सलाहकार आधारभूत ढांचा और पर्यटन के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें प्रधान सचिव लोक निर्माण, आबकारी एवं कराधान और सूचना एवं जनसंपर्क का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। मुख्य सचिव रामसुभग सिंह ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। प्रधान सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले आरडी नजीम को प्रधान सचिव परिवहन और रोपवे एंड रैपिड प्रणाली विकास निगम के प्रबंध निदेशक के पद का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। राज्य सरकार ने प्रधान सचिव शहरी विकास देवेश कुमार को प्रधान सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।सरकार ने मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव आरएन बत्ता को भी उनके अनुभव को देखते हुए सेवानिवृत्ति के बाद दोबारा इसी पद पर नियुक्ति दी थी। अब प्रधान सचिव मुख्यमंत्री के पद पर भी इसी तरह की व्यवस्था की जा रही है, क्योंकि जेसी शर्मा के पास इस पद का अच्छा अनुभव है। 

Most Popular