Himachal Pradesh State Forest Development Corporation के अंतर्गत 100 वन मित्रों की भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। निगम प्रबंधन ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर प्रदेश सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया है। अनुमति मिलते ही भर्ती प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
निगम के प्रबंध निदेशक संजय सूद ने पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य में वन संरक्षण और लकड़ी प्रबंधन कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अतिरिक्त मानव संसाधन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी के तहत यह कदम उठाया गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश में पहले ही वन विभाग के अधीन 2000 से अधिक वन मित्र कार्यरत हैं, जिन्हें प्रतिमाह 10 हजार रुपये मानदेय दिया जाता है। वन विकास निगम के अधीन लकड़ी के टाल की निगरानी, कटान कार्य और लकड़ी को डिपो तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रहती है। लंबे समय से निगम में नई भर्ती नहीं हुई थी, ऐसे में यह प्रस्ताव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


