Friday, March 29, 2024
Homeशिमलाग्लोबल वार्मिंग के प्रभावों से बचने हेतु पौधरोपण आवश्यक : हिमांशु मिश्रा

ग्लोबल वार्मिंग के प्रभावों से बचने हेतु पौधरोपण आवश्यक : हिमांशु मिश्रा


**मातृवन्दना संस्थान ने टुटीकंडी के गीतानगर में लगाए 70 से अधिक पौधे
शिमला : ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों का सामना करने के लिए पौधरोपण अति महत्वपूर्ण है। मातृवन्दना संस्थान हिमाचल प्रदेश द्वारा शिमला के टुटीकंड़ी वार्ड के गीता नगर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय पुलिस सेवा से बतौर आईजी सेवानिवृत व राष्ट्रपति पुलिस सेवा पदक से सम्मानित हिमांशु मिश्रा ने यह विचार रखे। उन्होंने कहा कि मानव का वृक्षों से, वनस्पतियों से बहुत पुराना नाता है। वृक्ष के बारे में कहते हैं कि वृक्ष में वह शक्ति है कि इसके नीचे कोई बुद्ध बन जाता है कोई न्यूटन बन जाता है। हमारे वेदों, उपनिषदों व पुराणों की रचना प्राकतिक वातावरण, जगलों व वनों में हुई है। आज के युग में तो ग्लोबल वार्मिंग एक बड़ी चुनौती उभर कर सामने आई है। ग्लोबल वार्मिंग का असर हिमाचल की चोटियों पर लैंड स्लाइड और बाढ़ के रूप में देखा जा सकता है। हाल ही प्रदेश में ऐसी घटनाएं हुई है यह उसी का परिणाम हैं। समय-समय पर जो वृक्षों का कटाव हुआ है उसी का परिणाम आज मानव को भुगतना पड़ रहा है। प्रदेश में 66 प्रतिशत वन हैं जिसमें से 26 प्रतिशत पर ही वृक्ष लगे हैं। ऐसे में पौधरोपण कार्यक्रमों की जरूरत कहीं ज्यादा नजर आती है। मातृवन्दना संस्थान द्वारा आयोजित इस पौधरोपण कार्यक्रम में मुझे शामिल होने का अवसर मिला है, जिसके लिए मैं अपने आप को सौभाग्यशाली मानता हूं।
मातृवन्दना संस्थान के अध्यक्ष अजय सूद ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन में मातृवन्दना संस्थान प्रतिमाह जागरण पत्रिका का प्रकाशन करता है। प्रदेश के 16 हजार गांवों में से 10 हजार गांवों में मातृवन्दना पत्रिका के पाठक हैं और आगामी 2 वर्षों में शेष 6 हजार गांवों तक पत्रिका पहुंचाने का लक्ष्य है। प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेवारी को समझते हुए मातृवन्दना संस्थान बीते कई वर्षों से लगातार पौधरोपण कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है। जिसका उद्देश्य न केवल पत्रिका से जुडे़ लोगों को प्रकृति के संरक्षण के प्रति जोड़ना है बल्कि आमजन को भी इसमें सहभागी बनाना है।
इस अवसर पर 100 लोग उपस्थित रहे जिन्होंने 70 से अधिक पौधे रोपे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पौधे व औजारों की पूजा के साथ किया गया। ब्रह्मकुमारी संस्थान शिमला केन्द्र की दीदी सुनीता, शिमला शहर की पूर्व महापौर कुसुम सदरेट बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक जितेन्द्र कुमार, पवन जी सहित विभाग संपर्क प्रमुख बलवंत सदरेट, विश्व संवाद केन्द्र अध्यक्ष राजेश बंसल, हेडगेवार स्मारक समिति के सचिव मनोज कुमार सहित संघ के कई स्वयंसेवक-कार्यकर्त्ता व स्थानीय निवासी चांदी राम सहित कई गणमान्यजनों ने पौधरोपण में भाग लिया। मंच संचालन मातृवन्दना संस्थान के सचिव वासुदेव शर्मा द्वारा किया गया।

Most Popular