Monday, March 9, 2026
Homeकुल्लूसीडब्ल्यूएसएन बच्चों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

सीडब्ल्यूएसएन बच्चों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

रेणुका गौतम, कुल्लू : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), लाहौल–स्पीति  द्वारा तांदी में सीडब्ल्यूएसएन यानी विशेष आवश्यकता वाले बच्चों से जुड़े विषयों पर एक उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूलों के शिक्षकों, अभिभावकों और अन्य संबंधित लोगों को समावेशी शिक्षा के बारे में जागरूक करना था।

इस अवसर पर सम्फिया की ओर से बीजू हिमदल (प्रोग्राम मैनेजर) और डॉ. तनु शर्मा (फिजियोथेरेपिस्ट) ने रिसोर्स पर्सन के रूप में भाग लिया। बीजू हिमदल ने अपने संबोधन में समावेशी शिक्षा और दिव्यांग बच्चों के अधिकारों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि स्कूल, परिवार और समाज के सहयोग से दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना संभव है और इसके लिए जागरूकता तथा सहयोग बहुत जरूरी है।

वहीं डॉ. तनु शर्मा ने दिव्यांग बच्चों के जीवन में थेरेपी सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समय पर दी जाने वाली फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी,विशेष शिक्षा और अन्य पुनर्वास सेवाओं से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में काफी सुधार लाया जा सकता है, जिससे वे अधिक आत्मनिर्भर बन पाते हैं।

इस दौरान छेरिंग अंगरूप (समन्वयक, समग्र शिक्षा) ने प्रतिभागियों को बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने, विशेष शिक्षकों के माध्यम से सहयोग देने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास किए जाते हैं, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों से आए स्कूल प्रमुख, शिक्षक, DIET प्रतिनिधि और सीडब्ल्यूएसएन बच्चों के अभिभावकों ने भाग लिया। इस दौरान सुरेश कुमार (सहायक समन्वयक) और संगीता देवी (स्पेशल एजुकेटर) भी मौजूद रहे।

Most Popular