Wednesday, April 24, 2024
Homeसिरमौरसिरमौर में विधवा महिला के घर पर गिरी आसमानी बिजली.. मकान के...

सिरमौर में विधवा महिला के घर पर गिरी आसमानी बिजली.. मकान के साथ एकमात्र सहारा दुधारू गाय की भी मौत

हरिपुरधार : सिरमौर जिला में एक विधवा महिला के घर पर आसमानी बिजली ने जमकर कहर ढहाया। आसमानी बिजली गिरने से महिला का मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गया।
यही नहीं विधवा महिला की आर्थिकी का एकमात्र सहारा दुधारू गाय भी इस आसमानी बिजली गिरने से जल गई। यह मामला हरिपुरधार में बीती देर शाम को पेश आया।

महिला की आर्थिकी का सहारा दुधारू गाय भी जिंदा जली
बताया जा रहा है कि बीती शाम को विधवा महिला गणेसो देवी के मकान पर अचानक आसमानी बिजली गिरी। जिससे महिला का मकान और पशुशाला पूरी तरह से जल गई।

मकान राख होने पर महिला को अपने बच्चों के साथ अब पड़ोसियों के घर में शरण लेनी पड़ी है। बता दें कि महिला के पति की एक साल पहले मजूदरी करते समय एक हादसे में जान चली गई थी। तब से महिला ही मेहनत मजदूरी कर अपने बच्चों का पेट पाल रही है।

सामान राशन बच्चों की किताबें भी जलीं
आसमानी बिजली गिरने से महिला के घर में रखा सारा सामान, राशन, कपड़े यहां तक कि बच्चों की किताबें तक जल गईं। परिवार के पास मात्र पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा है।

ग्रामीणों ने गणेसो देवी को जरूरी सामान मुहैया करवाकर मदद करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि आग लगने के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो जाता।

वहीं बीडीसी चेयरमैन ने बताया कि पीड़ित गणेसो देवी को जरूरी सामान मुहैया करवाया गया है।

वहीं नायब तहसीलदार संगड़ाह मदन लाल ने बताया कि उन्होंने पटवारी को नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दे दिए गए हैं। पीड़ित परिवार को जल्द ही फौरी राहत भी दिलाई जाएगी।

Most Popular