Sunday, September 8, 2024
Homeकुल्लूट्रैकिंग के दौरान रास्ता भटके पर्यटकों को पुलिस ने किया रेस्क्यू

ट्रैकिंग के दौरान रास्ता भटके पर्यटकों को पुलिस ने किया रेस्क्यू

रेणुका गौतम, कुल्लू : प्रदेश की खूबसूरत, हरी-भरी वादियां पर्यटकों को अपनी ओर बेहद आकर्षित करती है। इसी के चलते हर वर्ष बहुत बड़ी तादाद में पर्यटक यहां की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने पहुंचते हैं। लेकिन अगर सही जानकारी न हो तो यही वादियां विशेषकर जंगल पर्यटकों को अपने मार्ग से भटका सकते हैं। ऐसा ही  वाकया पेश आया जिला कुल्लू के मणिकरण के जंगल में, जहां पर  सैलानी ट्रैकिंग के दौरान अपनी राह भटक गए। गनीमत यह रही कि पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए मणिकरण के ग्राहण जंगल में भटके हुए दोनों पर्यटकों को सही सलामत सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।

      मामले को लेकर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1अप्रैल 2023 को पुलिस चौकी मणिकरण में सूचना मिली कि चार पर्यटक आशुतोष निवासी नोएडा, ऋषि कांत सोनी , अनुराग ठाकुर तथा आशुतोष तिवारी कसोल से ग्राहण ट्रैक पर घूमने गए थे। जिनमें से दो पर्यटक तो वापिस कसोला सही सलामत पहुंच गए, लेकिन अन्य दो पर्यटक आशुतोष तथा अनुराग ठाकुर जंगल में रास्ता भटक गए। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी कृष्णकांत, आरक्षी संगत राम, आरक्षी नेत्र सिंह तथा स्थानीय उपप्रधान टैहल सिंह सभी पर्यटकों की खोज में निकल गए।

आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पर्यटकों को ग्राहण जंगल में ढूंढ निकाला। हालांकि दोनों ही पर्यटक काफी डरे हुए थे। पुलिस को देख कर उन्होंने राहत की सांस ली, पुलिस ने दोनों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें सुरक्षित जंगल से बाहर निकाला और उनके होटल तक वापिस उनके साथियों के पास पहुंचाया। पर्यटकों ने कुल्लू पुलिस और प्रशासन का इस सहयोग के लिए बहुत आभार व्यक्त किया है। नि:संदेह पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने पर्यटकों के बीच अपनी एक उम्दा छवि बनाई है, जिसके लिए पुलिस प्रशासन सच में प्रशंसा का हकदार है।

Most Popular