Sunday, February 1, 2026
Homeमंडीअधूरी योजनाएँ कांग्रेस की पहचान : राकेश जमवाल

अधूरी योजनाएँ कांग्रेस की पहचान : राकेश जमवाल

सुंदरनगर : अधूरी और रुकी हुई परियोजनाएँ अब कांग्रेस सरकार की पहचान बन चुकी हैं। सुंदरनगर के विधायक एवं भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने आज ग्राम पंचायत भनवाड़ और बोबर में व्यापक जनसम्पर्क अभियान चलाते हुए कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया। क्षेत्र का दौरा करने के बाद उन्होंने कहा कि तीन साल में कांग्रेस सरकार ने विकास कार्यों को जिस तरह अधूरा छोड़ दिया है, वह उनकी कार्यशैली और जनविरोधी रवैये की साफ तस्वीर पेश करता है।

विधायक जमवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के समय जिन विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई थी और जिन योजनाओं की गति तेज हुई थी, कांग्रेस ने सत्ता में आते ही उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण, पेयजल योजनाएँ, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, स्कूल भवनों का उन्नयन हर क्षेत्र में काम ठप पड़ा है। कांग्रेस सरकार ने न तो नई परियोजनाएँ शुरू कीं और न ही पुरानी योजनाओं को पूरा किया। इसका नुकसान सीधे सुंदरनगर की जनता भुगत रही है।

क्षेत्र के दौरे के दौरान उन्होंने इलाके में रुकी पड़ी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि कई सड़कों की मरम्मत महीनों से लंबित है, पेयजल आपूर्ति अनियमित है, और विभागीय मशीनरी कांग्रेस सरकार के इशारों पर निष्क्रिय बनी हुई है। जब प्रशासन राजनीति के बोझ तले दब जाए, तो विकास रुकते देर नहीं लगती।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर मनाए जा रहे जश्न का लोगों के जीवन से कोई संबंध नहीं है। जब जनता परेशान हो, योजनाएँ अधूरी हों और विकास ठप हो, तो जश्न नहीं आत्ममंथन की जरूरत होती है। जमवाल ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता कभी जनता नहीं रही, इसलिए तीन साल में उपलब्धि शून्य और वादे हवा ही साबित हुए।

विधायक जमवाल ने स्पष्ट कहा कि वे सुंदरनगर के विकास को किसी भी कीमत पर रुकने नहीं देंगे। जनसम्पर्क के दौरान मिली हर शिकायत को वे संबंधित विभागों के साथ मजबूती से उठाएँगे। सुंदरनगर की जनता को तेज गति वाले विकास का हक है, और भाजपा ही वह गति देने में सक्षम है।

अंत में उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि सुंदरनगर की हर योजना को पूरा करवाना उनका संकल्प है। “विकास मेरी प्राथमिकता है और रहेगा कांग्रेस चाहे जितना रोक ले, मैं रुकने वाला नहीं हूँ।

Most Popular