Thursday, August 7, 2025
Homeशिमलाशिलादेश पंचायत के थलातर गांव में भीषण अग्निकांड, दो मकान जलकर राख

शिलादेश पंचायत के थलातर गांव में भीषण अग्निकांड, दो मकान जलकर राख

शिमला 

चिड़गांव तहसील की शिलादेश पंचायत के थलातर गांव में आग लगने से दो मकान राख हो गए। इस अग्निकांड में सूरज सिंह पुत्र झाबू राम व सुंदला देवी पत्नी भजन सिंह के रिहायशी मकान जल गए। आग की यह घटना सुबह करीब नौ बजे की है, जब घर पर परिवार के सभी सदस्य भी मौजूद थे। इस हादसे में दो परिवारों के 12 सदस्य प्रभावित हुए हैं। ऊपरी शिमला में मकान पहाड़ी शैली में लकड़ी के बने होते हैं और जब इन क्षेत्रों में इस तरह की अग्निकांड की घटनाएं होती हैं तो मकान को बचाना अग्निशमन विभाग व स्थानीय लोगों के लिए असंभव हो जाता है। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण थलातर गांव में सड़क सुविधा न होने पर अग्निशमन वाहन भी घटनास्थल पर नहीं जा सका। दोनों मकान जलकर मलबे के ढेर में तबदील हो गए। प्रशासन ने दी फौरी राहतइस घटना में प्रशासन ने सात लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट होने का अनुमान लगाया है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है, जिसकी छानबीन की जा रही है। वहीं प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। प्रभावितों के लिए राशन, कपड़े, बर्तन और टेंट की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से की गई है। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के रहने के लिए व्यवस्था पंचायत शीलादेश के उपप्रधान विद्या प्रकाश की ओर से की गई है। आंखों के सामने जल गए आशियाने, कपड़ों के सिवा नहीं बचा पाए। उप दमकल केंद्र रोहड़ू के अधिकारी लायक राम शर्मा ने बताया कि थलातर गांव में आग की घटना की सूचना सवा नौ बजे मिल गई थी, लेकिन गांव के लिए संपर्क मार्ग न होने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक नहीं ले जाया जा सकता था। सड़क संपर्क मार्ग न होने के कारण अग्निशमन विभाग बेबस था।

Most Popular