Sunday, September 8, 2024
Homeकुल्लूमुख्यमंत्री भूतपूर्व भाजपा सरकार के विकास कार्यों के उद्घाटन में व्यस्त :...

मुख्यमंत्री भूतपूर्व भाजपा सरकार के विकास कार्यों के उद्घाटन में व्यस्त : गोविंद ठाकुर

कहा अपने द्वारा की गई घोषणा को पूरा करने में नाकाम

रेणुका गौतम, कुल्लू : ” प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री व विधायकों के द्वारा जो भी विकास कार्यों के उद्घाटन किया जा रहे हैं, वह पूर्व भाजपा सरकार की ही देन है। और वह सब कार्य पूर्व भाजपा सरकार के समय में पूरे हो चुके हैं। लेकिन महज़ अपना नाम चमकाने के लिए अब मुख्यमंत्री व कांग्रेस के मंत्री उनका उद्घाटन करने में जुटे हैं,” कुल्लू में पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व शिक्षामंत्री गोविंद ठाकुर ने यह बात कही।

उन्होंने यह भी कहा कि विंटर कार्निवाल के दौरान भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह द्वारा मनाली विधानसभा में कुछ कार्यों के उद्घाटन किए गए। जबकि वह सब काम पूर्व भाजपा सरकार की ही देन है और पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही वह सब काम पूरे हो चुके हैं। ऐसे में मनाली के विधायक व मुख्यमंत्री ने सिर्फ अपना नाम चमकाने के लिए उन कार्यों का उद्घाटन किया। जबकि वह सब विकास कार्य पहले से ही जनता को समर्पित हो गए थे। प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि साल 2023 के शुरुआत में जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह मनाली आए थे तो उन्होंने कुछ विकास कार्यों के घोषणा भी की थी, लेकिन वह विकास कार्य आज तक शुरू भी नहीं हो पाए। ऐसे में कांग्रेस सरकार व उनके मंत्रियों को चाहिए कि वह अपने द्वारा नए काम को शुरू करें और अपने द्वारा शुरू किए गए कामों का ही उद्घाटन करें, न कि पूर्व भाजपा सरकार की उपलब्धियां को अपने खाते में जोड़े। जिला कुल्लू में अगर रायसन पुल की बात करें या फिर बंदरोल सब्जी मंडी की, वह सब पूर्व भाजपा सरकार की ही देन है और पूर्व सरकार के द्वारा ही इन कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवाया गया था। कांग्रेस सरकार को चाहिए कि जिन झूठी गारंटीयों के सहारे वह सत्ता में आई है उन्हें पूरा करने की दिशा में काम करें।

अपनी संबोधन के दौरान पूर्व शिक्षामंत्री गोविंद ठाकुर ने कुल्लू में विकास को लेकर कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए वादों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कुल्लू जिला के लिए कांग्रेस सरकार ने इनडोर स्टेडियम बनाने की बात कही और हेलीपोर्ट बनाने की बात कही। वह काम आज धरातल पर बिल्कुल भी नजर नहीं आ रहे हैं। तो वह किस तरह से जिला कुल्लू में विकास कार्यों की बात कह रहे हैं। इस दिशा में भी कांग्रेस के मंत्रियों को ध्यान देना चाहिए। न कि झूठे वादे कर जिला कुल्लू की जनता को भ्रम में डालना चाहिए।

तो वहीं प्रदेश के पर्यटन उद्योग को लेकर प्रदेश की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते प्रदेश के पर्यटन उद्योग को बहुत नुकसान हुआ है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में नरेन्द्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। भाजपा प्रदेश की चारों सीटों पर भारी मतों से विजय हासिल करेगी।

इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष अरविंद चंदेल, जिला महामंत्री अमर ठाकुर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष तरुण विमल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अर्चना ठाकुर, राहुल सोलंकी, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी श्याम कुल्वी, जिला भाजपा प्रवक्ता रूक्मणी जोशी, जिला सचिव नैना शर्मा, और जिला कार्यालय प्रभारी विवेक भारद्वाज भी उपस्थित रहे।

Most Popular