Saturday, January 31, 2026
Homeकुल्लूभारी बर्फबारी से आम जीवन अस्त-व्यस्त, 96 सड़कें और 1024 ट्रांसफार्मर बंद

भारी बर्फबारी से आम जीवन अस्त-व्यस्त, 96 सड़कें और 1024 ट्रांसफार्मर बंद

कई जगहों में पेयजल आपूर्ति भी ठप्प

रेणुका गौतम, कुल्लू : ज़िला कुल्लू में गत 24 घंटों के दौरान हुई भारी बर्फबारी और बारिश से जनजीवन काफी अस्तव्यस्त हुआ है। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते ज़िला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बाधित होने के साथ साथ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 96 सड़कें बंद हो गई हैं। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा मुख्य सड़क मार्गों को खोलने की मुहिम दिन रात चली हुई है, ताकि स्थानीय लोगों सहित सैलानियों का कम से कम परेशानी झेलनी पड़े।

उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि ज़िला में सड़क, पानी और बिजली जैसी सुविधाओं को पुनः बहाल करने की कोशिशें लगातार जारी हैं। अचानक से हुई भारी बर्फबारी के चलते हालांकि जनता को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है, लेकिन हर विभाग को शीघ्र ही हर सुविधा सुचारू करने के आदेश दे दिए गए हैं। और संबंधित विभाग भी पूरी मुस्तैदी से सुविधा बहाली के कार्यों में जुटा है। प्रशासन द्वारा लोगों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर न जाने और बेवजह यात्रा न करने की हिदायत भी दी गई है। ज़िला में हुई भारी बारिश और बर्फबारी के कारण एनएच-305 जलोड़ी दर्रा पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। इसके अलावा नेहरू कुंड से एटीआर रोड (एनआईएच-03) को केवल 4×4 वाहनों के लिए खोला गया है, वह भी सिर्फ आपातकालीन सेवाओं के लिए।

बंजार, मनाली, कुल्लू, आनी, थलौट और निर्मंड डिवीजनों में सड़कें सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। मनाली उपमंडल में 33 संपर्क मार्ग बंद हैं, जबकि बंजार डिवीजन में 18 और निरमंड डिवीजन में 29 सड़कें अवरुद्ध पड़ी हैं। इससे पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा है।

ज़िला में भारी बारिश और बर्फ के चलते मुख्य एचटी लाइनों में फॉल्ट आने से कुल 1024 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर (डीटीआर) ठप्प पड़ें हैं। सबसे ज्यादा मनाली डिवीजन में 705 डीटीआर प्रभावित हुए हैं, जबकि कुल्लू डिवीजन में 187, थलौट में 100 और आनी डिवीजन में 32 डीटीआर बंद पड़े हैं बिजली बोर्ड के अनुसार मौसम खुलते ही बहाली कार्य में तेजी लाई जाएगी।

Most Popular