Friday, April 26, 2024
Homeसिरमौरडाॅ. सैजल ने पंचायत हुड़ंग में 3.61 करोड़ रुपए की योजनाओं के...

डाॅ. सैजल ने पंचायत हुड़ंग में 3.61 करोड़ रुपए की योजनाओं के किए शिलान्यास एवं लोकार्पण


 

सोलन : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुर्वेद मन्त्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने से ग्राम स्तर पर विकास प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हुई है। डाॅ. सैजल आज कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हुड़ंग में सनावर से मांडोधार वाया शिल्लड पाठिया सम्पर्क मार्ग का भूमिपूजन एवं शिल्लड में 7.75 लाख रुपए की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। सनावर से मांडोधार वाया शिल्लड पाठिया सम्पर्क मार्ग के निर्माण पर लगभग 3.53 करोड़ रुपए व्यय होंगे। डाॅ. सैजल ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गईं। उन्होंने कहा कि इससे जहां निर्णय लेने के स्तर पर महिलाओं को व्यापक लाभ मिला वहीं विकास प्रक्रिया में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित हुई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि भारत तथा प्रदेश की लगभग आधी जनसंख्या महिलाओं की है। विकास प्रक्रिया में समाज के इस अभिन्न अंग की भागीदारी जहां निर्णयों की व्यापकता को प्रभावी बनाती है वहीं समाज के सभी वर्गों के लाभ के लिए चिंतन के दायरे को विस्तृत करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। डाॅ. सैजल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा कोविड-19 के समय में लोगांे को जागरूक करने और उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण से सुरक्षित रखने की दिशा में सराहनीय कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना निर्मित करने पर बल दे रही है। इससे पूर्व डाॅ. सैजल की गरिमामय उपस्थिति में सिपला फाउंडेशन बद्दी द्वारा केन्द्रीय अनुसन्धान संस्थान कसौली के लिए रेफ्रिजरेटिड सेन्ट्रीफ्यूज फाॅर आर.एन.ए. एक्स्ट्रेक्शन उपकरण एवं यूपीएस भेंट किया गया। यह उपकरण परीक्षण समय को कम करने में सहायक सिद्ध होगा। कसौली भाजपा मंडल के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य सुन्दरम ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री अमर सिंह परिहार, ग्राम पंचायत हुड़ंग की प्रधान लक्ष्मी देवी, उपप्रधान गोपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के प्रधान मदन मोहन मेहता, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजकुमार सिंगला, क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, केन्द्रीय अनुसन्धान संस्थान कसौली के निदेशक एके तेहलान, सीआरआई कसौली के डाॅ. एस महापात्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र तेगटा, सिपला फाउंडेशन बद्दी के देसराज बंसल तथा डाॅ. सुनील कुमार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

Most Popular