Thursday, April 25, 2024
Homeऊनाराजनीति में किया ध्वस्त अब कानूनी लड़ाई में भाजपा को किया जाएगा...

राजनीति में किया ध्वस्त अब कानूनी लड़ाई में भाजपा को किया जाएगा पस्त: अग्निहोत्री

प्रदेश भाजपा को बताया हताश और निराश, 
बोले 5 साल का लंबा सफर धैर्य से काटे , 
निजी शिक्षण संस्थान का उद्घाटन करने पहुंचे थे उपमुख्यमंत्री।


ऊना : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर जमकर जुबानी हमला बोला है। वीरवार को ऊना जिला मुख्यालय के आईएसबीटी में एक निजी शिक्षण संस्थान का शुभारंभ करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर एक के बाद एक कई जुबानी हमले किए। इस मौके पर ऊना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा भी उनके साथ मौजूद रहे। भाजपा नेताओं द्वारा अपने ही नेतृत्व पर लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वह तो पहले ही इन सभी चीजों से अवगत थे लेकिन भाजपा के नेताओं ने देरी से इस मसले को उठाया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा पूरी तरह से हताश और निराश हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार भी अब विकास और जनकल्याण के मामलों में रफ्तार पकड़ रही है तो ऐसे में भाजपा की परेशानियों का बढ़ना लाजमी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को धैर्य रखने की जरूरत है 5 साल का लंबा अरसा है और यह लंबा अरसा धीरज रख कर ही काटा जा सकता है।

मुख्य संसदीय सचिवों और उपमुख्यमंत्री के पद को लेकर भाजपा द्वारा किए जा रहे हमले का जवाब देते हुए मुकेश ने कहा कि भाजपा की हर लड़ाई उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से ही शुरू होती है। उन्होंने कहा कि देश के कितने ही राज्यों में उपमुख्यमंत्री है जबकि खुद भाजपा शासित कई राज्यों में उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने देश की आजादी के बाद वल्लभ भाई पटेल के प्रथम उप प्रधानमंत्री बनने से लेकर लालकृष्ण आडवाणी के उप प्रधानमंत्री बनने तक सभी नेताओं के नाम भी गिनाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को सिर्फ मुकेश अग्निहोत्री के ही उप मुख्यमंत्री बनने पर दिक्क्त हो रही है। 

Most Popular