Saturday, November 15, 2025
Homeshimlaभाजपा के खिलाफ कांग्रेस का ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ अभियान सफल, 1.43 लाख...

भाजपा के खिलाफ कांग्रेस का ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ अभियान सफल, 1.43 लाख हस्ताक्षर एआईसीसी को भेजे


सुक्खू बोले—भाजपा ने लोकतंत्र की मर्यादा तोड़ी, राहुल गांधी ने रखे ठोस प्रमाण

शिमला, 8 नवंबर।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ भाजपा के लोकतंत्र और संविधान विरोधी रवैये के खिलाफ खड़ी है। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए गए “वोट चोर–गद्दी छोड़” अभियान के तहत प्रदेश को एक लाख हस्ताक्षरों का लक्ष्य दिया गया था, जिसे पार करते हुए एक लाख 43 हजार हस्ताक्षर एकत्र कर एआईसीसी को भेजे गए हैं। ये हस्ताक्षर अब देशभर के अभियान के साथ जोड़कर राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे।

आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और एआईसीसी प्रवक्ता व ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने हस्ताक्षर दस्तावेजों को लेकर दिल्ली रवाना होने वाले विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि देश में भाजपा लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन कर रही है। कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की है, जिसके ठोस प्रमाण राहुल गांधी ने देश के सामने रखे हैं। मुख्यमंत्री ने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा स्वयं कई गुटों में बंटी हुई है और नेता आपसी अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। “पांडवों ने धर्म और न्याय के लिए युद्ध लड़ा था, जबकि भाजपा के ये तथाकथित ‘पांच पांडव’ केवल अपनी कुर्सियों के लिए संघर्ष कर रहे हैं,” सुक्खू ने कहा।

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनावों में वोट चोरी के ठोस तथ्य देश के सामने रखे हैं। “चुनाव आयोग को इस पर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए, लेकिन भाजपा आयोग का बचाव कर रही है। इससे आयोग की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न खड़ा हुआ है,” उन्होंने कहा।
विक्रमादित्य सिंह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी केवल कांग्रेस के नेता नहीं, बल्कि देश के नेता प्रतिपक्ष हैं, इसलिए उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

एआईसीसी प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र के खिलाफ एक गंभीर अपराध है। “राहुल गांधी ने जो प्रमाण दिए हैं, उन पर चुनाव आयोग की चुप्पी यह दर्शाती है कि वह भाजपा के दबाव में काम कर रहा है,” राठौर ने कहा और आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

Most Popular