Thursday, April 25, 2024
Homeचुनावकांग्रेस को लगा दिया जाएगा बाड़.. फिर बनेगी भाजपा की सरकार- मुख्यमंत्री

कांग्रेस को लगा दिया जाएगा बाड़.. फिर बनेगी भाजपा की सरकार- मुख्यमंत्री

मंडी : हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने बुधवार को मंडी जिला के सराज में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी जनता को लुभाने के लिए कई प्रकार की गारंटियों की पेशकश कर रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस की सरकार आते ही लोगों को सुविधाएं दी जाएंगी, लेकिन इस बार प्रदेश में कांग्रेस को बाड़ लगाकर आने ही नहीं दिया जाएगा।

 उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी आज कल प्रदेश में महिलाओं को सरकार बनने के बाद 15 सौ रुपए हर माह देने की बात कर रहे हैं लेकिन उनसे यह भी पूछना चाहिए कि देश में जहां भी कांग्रेस की सरकार है वहां पर क्या महिलाओं को इस प्रकार की सुविधा मिल रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनावों के समय में मात्र लोगों को बरगलाने के लिए कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की बात कह रही है।

हकीकत यह है कि इस बार प्रदेश में रिवाज बदलते हुए भाजपा के बाद फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। सीएम ने विपक्षी दल को घेरते हुए कहा कि जनता को सुविधाएं देने की गारंटी दे रही हैं लेकिन एक लंबे समय तक सत्ता में रही कांग्रेस की सरकारों ने कभी जनता को राहत देने के बारे में नहीं सोचा। इसके साथ ही प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने सराज की जनता से आग्रह किया कि इस बार सराज को एक ऐतिहासिक मौका मिला है कि प्रदेश की बागडोर एक सराजी के हाथों में है। उन्होंने कहा कि सराज में विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। इसलिए अब हर एक सराजी जयराम बनकर अपने स्वाभिमान और सम्मान को बरकरार रखने के लिए कार्य करे।

उन्होंने कहा कि उन्हें पांच बार जनता का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला लेकिन इस बार जीत ऐतिहासिक और शानदार होनी चाहिए। वहीं चुनावों के दौरान अकेले ही कमान संभाले सीएम जयराम ठाकुर ने बताया कि आने वाले समय में देश के प्रधानमंत्री भी हिमाचल प्रदेश में चुनावी कार्यक्रमों में आएंगे। उन्होंने जनता से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने और मतदान करने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन भी मौजूद रहे। इस दौरान दर्जनों लोग कांग्रेस पार्टी को छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए है।

Most Popular