कहा, कांग्रेस तय करे, तकलीफ भाजपा से है, विकास से या जयराम ठाकुर से
शिमला – भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने कांग्रेस को सियासी कुंठा की शिकार पार्टी कहा है। विपक्ष में रहते हुए अब तो कांग्रेस नेता भाषा पर भी संयम खो चुके हैं। यह भी समझना मुश्किल हो रहा है कि आखिर कांग्रेस को दिक्कत विकास से है, भाजपा से है या मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से। मुख्यमंत्री विकास का झंडा बुलंद किए हुए हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं को इस विकास से भी परेशानी है। कांग्रेस नेता अब भी साढ़े तीन साल पहले खो चुकी सत्ता के सुरूर में हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अपेक्षा पाले बैठे हैं कि वह प्रदेश में विकास की एक ईंट लगाने से पहले कांग्रेस दरबार में हाजिरी लगाएं। फिर तय करें कि ईंट लगाएं या नहीं। कांग्रेस का यही सत्ता का नशा उसे पूरे देश से गायब करता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसी पार्टी का नहीं बल्कि प्रदेश की जनता का होता है। हर क्षेत्र का विकास उनकी जिम्मेदारी है। जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री के साथ-साथ वह सिराज के विधायक भी हैं। जनप्रतिनिधि के नाते वह अपना कर्त्तव्य निभा रहे हैं, तब भी कांग्रेस नेताओं को तकलीफ हो रही है। हमेशा से क्षेत्रवाद का जहर घोल राजनीतिक रोटियां सेंकने वाली कांग्रेस मुख्यमंत्री के गृह जिला में हो रहे विकास को पचा नहीं पा रही है। हैरानी तो यह है कि तकलीफ मंडी के ही कांग्रेसी नेताओं को है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की जनता तय करेगी कि विकास कौन कर रहा है और रोड़े कौन अटका रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर राज करने की मानसिकता को छोड़ जनसेवा की भावना को अपना लेना चाहिए।