Saturday, June 28, 2025
Homeshimlaकांग्रेस में अंतरद्वंद, अपनी असफलताओं का दोष भाजपा पर मढ़ना छोड़े :...

कांग्रेस में अंतरद्वंद, अपनी असफलताओं का दोष भाजपा पर मढ़ना छोड़े : राकेश जमवाल

शिमला : “हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपने ही अंतर्विरोधों में उलझकर बिखर रही है, और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगाने की कोशिश कर रही है। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के दौरे से पहले ही कांग्रेस विधायकों और वरिष्ठ नेताओं में असंतोष खुलकर सामने आ गया है,” यह बात भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक सुरेश कुमार का बयान खुद यह साबित करता है कि सरकार में संतुलन की ज़बरदस्त कमी है, कुछ जिलों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। अगर सरकार बनने के दो साल बाद भी कांग्रेस के अपने विधायक यह मान रहे हैं कि कैबिनेट विस्तार में भेदभाव हुआ है और अस्थिरता की कोशिशें हुई हैं, तो इससे साफ है कि कांग्रेस का असली दुश्मन खुद कांग्रेस ही है। विधायक सुरेश कुमार का बयान कांग्रेस सरकार की अंदरूनी गुटबाजी और सत्ता संघर्ष को उजागर करता है। भाजपा को दोष देने की बजाय कांग्रेस को अपनी असफलताओं पर ध्यान देना चाहिए।

जमवाल ने कहा कि कैबिनेट विस्तार में भारी असंतुलन , कुछ जिलों को अधिक प्रतिनिधित्व, तो कई जिलों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया। बगावत की आग बुझने के बजाय और भड़क रही है। 6 विधायकों को उकसाने की बात खुद कांग्रेस विधायक स्वीकार कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार का असली चेहरा सामने आ गया है। पार्टी के अंदर अब यह तय करने के लिए कमेटी बनाने की बात हो रही है कि कौन “वफादार” है और कौन “गद्दार”।

राकेश जमवाल ने कहा कि पिछले साल मार्च में जब कांग्रेस के 6 विधायकों ने सरकार के खिलाफ बगावत की थी, तब कांग्रेस ने भाजपा को दोषी ठहराया था। लेकिन अब जब कांग्रेस के अपने विधायक ही पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं, तो इससे स्पष्ट हो जाता है कि कांग्रेस खुद अपने अंतर्विरोधों के कारण अस्थिर हो रही है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता को राहत देने और विकास करने के बजाय कांग्रेस सरकार आपसी कलह और कुर्सी बचाने के संघर्ष में उलझी हुई है। यह सरकार पूरी तरह से असफल हो चुकी है।जनता कांग्रेस की सच्चाई समझ चुकी है। अब कांग्रेस को अपनी विदाई की तैयारी कर लेनी चाहिए। कांग्रेस को अब भाजपा पर झूठे आरोप लगाने के बजाय आत्मविश्लेषण करना चाहिए और यह स्वीकार करना चाहिए कि उनकी सरकार जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल रही है।

Most Popular