Tuesday, March 19, 2024
Homeकुल्लूबंजार की जनता को 75 करोड़ की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का...

बंजार की जनता को 75 करोड़ की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार : गोविंद सिंह ठाकुर

रेणुका गौतम

विधायक सुरेंद्र शौरी ने भी कहा मील का पत्थर साबित होंगी योजनाएं

कुल्लू, : वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बंजार विधानसभा क्षेत्र के लिए 75करोड़ की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि कोविड 19 के दौरान जहां विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने को लेकर असमंजस था वहीं मुख्यमंत्री ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए विकास को गति देने के लिए वर्चुअल माध्यम को अपनाया है। पिछले कुछ दिनों के दौरान ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की जनता को मुख्यमंत्री कई योजनाएं इस माध्यम से समर्पित कर चुके हैं। इसी कड़ी में बंजार की जनता के लिए भी आज करीब 75 करोड़ की लागत वाली अनेक योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए हैं। उन्होंने इसको लेकर जहां मुख्मयंत्री का तहे दिल से आभार जताया वहीं स्थानीय जनता को भी बधाई दी।

इस दौरान गोविंद ठाकुर ने कहा कि बंजार क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं है और इस क्षेत्र को मनाली की तर्ज पर विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने लारजी बांध में जल क्रीड़ा आरंभ करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और कहा कि इससे पर्यटन से संबधित गतिविधियां बढ़ेंगी। इसी तरह ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क, ईको टूरिज्म सहित इलाके में अन्य पर्यटन गतिविधियों को गति देने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने उनके विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विभिन्न परियोजनाओं के शुभारंभ के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी, जिसे आज मुख्मयत्री ने मूर्त रूप दिया है। इन परियोजनाओं को तय समय के भीतर पूरा किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि इन योजनाओं पर गति के साथ काम करे ताकि लोगों को परियोजनाओं का लाभ मिल सकें।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा क्षेत्र के लिए 10 से 15 परियोजनाओं की उन्होंने डीपीआर तैयार करवाई है और जल्द ही मुख्यमंत्री से स्वीकृत करवाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र विकास की दृष्टि पिछले कई वर्षों से उपेक्षित रहा है और जैसे ही प्रदेश में भाजपा सरकार ने बागडोर संभाली तो यहां करोड़ों की परियोजनाओं पर कार्य शुरु हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की इस विधानसभा क्षेत्र पर विशेष कृपा दृष्टि रही है और अभी तक डीएसपी कार्यालय, आईपीएच डिवीजन, फायर स्टेशन सहित दर्जनों अन्य सौगातें इलाकों को दी हैं और ये सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने कार्यक्रम के मौके पर कहा कि जीभी से सरठी, गुशैणी से नाहीनाल, न्यूल से छौहारा सड़कें लोगों की मुख्य मांगों में शामिल हैं और जल्द ही इनकी औपचारिकताओं को पूरा कर कार्य शुरु कर दिया जाएगा।

विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में बंजार विधानसभा क्षेत्र के करीब दर्जन भर जगहों पर भी लोगों को भी सीधे तौर पर जोड़ा गया था। इस प्रकार हजारों लोगों ने सामाजिक दूरी की पालना करते हुए कार्यक्रम को लाइव देखा।

बंजार के अंवेडकर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम के मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, उपायुक्त कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा, पंचायत समिती अध्यक्ष हेत राम, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन, मंडलाध्यक्ष बलदेव महंत, राज्य कार्यकारिणी सदस्य बनवारी लाल सहित विभिन्न पचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, बंजार क्षेत्र के लोग भी मौजूद रहे।

Most Popular